हल्द्वानी डकैती कांड में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की ताबड़तोड़ कार्रवाई।
डकैती के मास्टरमाइंड यश सिडाना समेत 04 नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार, 04 अवैध तमंचे, 07 जिंदा कारतूस, लूटी गई धनराशि व वारदात में प्रयुक्त क्रेटा-स्कॉर्पियो बरामद।
हल्द्वानी (नैनीताल)। हथियारों के बल पर लाखों रुपये की डकैती की घटना का नैनीताल पुलिस ने खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड यश सिडाना समेत 04 और नकाबपोश आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा व स्कॉर्पियो वाहन, 04 अवैध तमंचे, 07 जिंदा कारतूस एवं लूटी गई धनराशि बरामद की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:
दिनांक 19 अगस्त 2026 को सायं डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है। उक्त सूचना पर तत्काल उच्चाधिकारीगणों को सूचित किया गया तथा कोतवाली हल्द्वानी से पुलिस बल को घटनास्थल गोरापड़ाव के लिए रवाना किया गया।
दिनांक 19 अगस्त 2026 को वादी मुकदमा नारायण दास पुत्र रोशन लाल निवासी अम्बा बिहार तीनपानी, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल द्वारा तहरीर दी गई कि 10 अज्ञात हथियारबंद अभियुक्तों द्वारा KIA शोरुम के पीछे स्थित वादी के ऑफिस/गैराज, गोरापड़ाव तीनपानी में डकैती डालकर वादी व उसके परिचितों के लगभग 08 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा 03 सोने की चेन व अंगूठी आदि लूट लिए गए।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मु.एफ.आई.आर. नं. 284/26, धारा 310(2) बीएनएस बनाम 10 अज्ञात बंदूकधारियों के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सुपुर्द की गई।
करीब 50 अधिकारियों-कर्मचारियों की विशेष टीम गठित:
उक्त डकैती की घटना का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए डकैती की घटना के शीघ्र अनावरण एवं संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगभग 50 अधिकारियों/कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई।
टीम में डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल, मनोज कत्याल, एसपी हल्द्वानी, अमित कुमार सैनी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी व विभिन्न थाना प्रभारी, एसओजी, साइबर टीम एवं क्राइम स्पेशलिस्ट को शामिल किया गया।
BDS डॉग स्क्वायड एवं क्राइम सीन विशेषज्ञ को घटनास्थल की विभिन्न कोणों से गहन जाँच हेतु लगाया गया। स्वयं एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया गया। घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना का रिव्यू लिया गया तथा अधीनस्थों एवं गठित पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
CCTV और सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस:
गठित पुलिस टीमों द्वारा सुरागरसी/पतारसी एवं विवेचना में वादी तथा गवाहों के बयान लिए गए। घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV कैमरों एवं सर्विलांस का बारीकी से अवलोकन किया गया।
जाँच के दौरान प्रकाश में आए 02 अभियुक्त वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू एवं रखवीर सिंह को दिनांक 21 अगस्त 2026 को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार अन्य राज्यों में दबिश देने के लिए टीमें रवाना की गईं।
दिल्ली से किच्छा तक पुलिस की दबिश, 04 और आरोपी गिरफ्तार:
गठित टीमों द्वारा सुरागरसी/पतारसी, CCTV फुटेज एवं सर्विलांस की मदद से प्रकाश में आए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की गई।
यश सिडाना को दिनांक 23 अगस्त 2026 को हल्द्वानी से, अमनदीप सिंह एवं शिवराज सिंह को दिनांक 22 अगस्त 2026 को DND फ्लाईओवर, जैतपुर मोड़, नई दिल्ली से व अफजल मलिक को दिनांक 23 अगस्त 2026 को किच्छा से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तगणों से घटना में प्रयुक्त वाहन, तमंचे, जिंदा कारतूस एवं नगदी बरामद की गई। जिसके आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS एवं 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। पूछताछ में अभियुक्तगणों द्वारा घटना में संलिप्त होना बताया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1- यश सिडाना पुत्र विजय कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी निकट बैंक ऑफ बड़ौदा, किच्छा, थाना किच्छा, जिला उधम सिंह नगर
2- अमनदीप सिंह पुत्र हरवंश सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी हाउस नं. 152, जैतपुर गाँव, थाना जैतपुर, नई दिल्ली
3- शिवराज सिंह पुत्र प्रीतपाल सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम सदरपुर, थाना अमरिया, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश
4- अफजल मलिक पुत्र अमजद हुसैन, उम्र 21 वर्ष, निवासी बक्सपुर, थाना अमरिया, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश
बरामदगी में —
1- यश सिडाना से:
● एक क्रेटा कार UK06BE9091
● एक तमंचा 315 बोर
● 02 जिंदा कारतूस 315 बोर
2- अमनदीप सिंह से:
● एक स्कॉर्पियो कार DL1CA1984
● एक तमंचा 315 बोर
● 02 जिंदा कारतूस
3- शिवराज सिंह से:
● एक तमंचा 315 बोर
● 01 जिंदा कारतूस
4- अफजल मलिक से:
● ₹18,000/- रुपये
● एक तमंचा 12 बोर
● 02 जिंदा कारतूस
अभियुक्त यश सिडाना का आपराधिक इतिहास:
FIR No. 347/22 — धारा 323/341/504/506 भादवि, थाना किच्छा
अन्य अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास ज्ञात किया जा रहा है।
पुलिस टीम को ₹2,500/- के इनाम से किया पुरस्कृत:
डकैती की घटना के शीघ्र अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु एसएसपी नैनीताल द्वारा ₹2,500/- के इनाम से पुरस्कृत किया गया।
पुलिस टीम में:
थाना पुलिस टीम, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम स्पेशलिस्ट, BDS डॉग स्क्वायड एवं क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल













