साइबर अपराधियों पर अल्मोड़ा पुलिस की पैनी नजर, संदिग्ध म्यूल खातों पर कसा शिकंजा।
अल्मोड़ा। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों को चिन्हित कर 09 बैंक खाताधारकों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही शुरु हो गई है।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाया गया अभियान:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत व सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में दिनांक 24 अगस्त 2026 से एक सप्ताह तक जनपद में म्यूल खातों के विरुद्ध सघन सत्यापन अभियान चलाया गया। इसमें भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से प्राप्त सूचना के माध्यम से जनपद में संचालित संदिग्ध एवं अत्यधिक लेन-देन वाले बैंक खातों की सूचनाएं प्राप्त हुईं।
09 बैंक खाते पाए गए म्यूल अकाउंट:
प्राप्त सूचनाओं के आधार पर साइबर सेल अल्मोड़ा व संबंधित थानों द्वारा बैंकों एवं खाताधारकों से संपर्क स्थापित कर संदिग्ध खातों की गहन जाँच, सत्यापन एवं सघन मॉनिटरिंग की गई। जाँच के दौरान जनपद के विभिन्न बैंकों में संचालित 09 बैंक खाते म्यूल अकाउंट (Mule Accounts) पाए गए।
खाताधारकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में संबंधित थाना पुलिस द्वारा उक्त खातों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित करते हुए खाताधारकों को चिन्हित किया गया तथा उनके विरुद्ध संबंधित थाने पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
क्या होता है म्यूल अकाउंट?
म्यूल अकाउंट वह बैंक खाता होता है, जिसका उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा ठगी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने, दूसरे खातों में पैसा ट्रांसफर करने अथवा धनराशि छिपाने के लिए किया जाता है।
अल्मोड़ा पुलिस की अपील:
■ अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारियां किसी के साथ साझा न करें।
■ अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या मोबाइल सिम किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें।
■ किसी भी प्रकार के आसान कमाई अथवा लाभ के प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता किसी अन्य के उपयोग हेतु उपलब्ध न कराएं।
■ अज्ञात कॉल, लिंक, मैसेज एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले प्रलोभनों से सतर्क रहें।
■ साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें और समय रहते शिकायत दर्ज कराएं।
■ यदि कोई व्यक्ति आपको कमीशन या अन्य किसी लाभ का प्रलोभन देकर आपका बैंक खाता धनराशि प्राप्त करने अथवा भेजने के लिए मांगता है, तो ऐसे व्यक्ति की सूचना तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल को दें।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल














