भिकियासैंण में बारिश ने बिगाड़ी जनजीवन की रफ्तार, नदी किनारे बसे घरों का प्रशासन ने किया निरीक्षण।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण समेत आस-पास के क्षेत्रों में रविवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोगों को जरुरी कामों के लिए घरों से बाहर निकलने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं तहसील मुख्यालय से 03 किमी दूर अचानक सड़क पर मलबा आने से कुछ देर यातायात बाधित रहा। हालांकि, प्रशासन की तत्परता से एसडीएम भिकियासैंण ने जेसीबी मशीन भेजने के निर्देश दिए, जिसके बाद तुरंत मलबा हटा दिया गया और यातायात सुचारु किया गया।

बारिश के कारण क्षेत्र में जगह-जगह आवाजाही प्रभावित रही। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।

रामगंगा व गगास नदी के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसडीएम याक्षी अरोड़ा व तहसीलदार बरखा जलाल ने एसडीआरएफ टीम के साथ झूला पुल रामगंगा नदी के आस-पास स्थित लोगों के घरों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक जानकारी ली।

प्रशासन की ओर से नदी एवं नालों के आस-पास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और लगातार बारिश के दौरान अनावश्यक रुप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *