डॉ. सुनील कुमार कटियार ने प्रभारी प्राचार्य का पदभार किया ग्रहण।
खटीमा (उधम सिंह नगर)। हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में वरिष्ठ प्राध्यापक एवं वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार कटियार ने प्रभारी प्राचार्य के रुप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार ग्रहण करने पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने डॉ. कटियार को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, प्रशासनिक दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार कटियार ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर प्राध्यापकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में छात्रसंघ निर्वाचन, प्रवेश प्रक्रिया, विद्यार्थियों से संबंधित विषयों तथा महाविद्यालय की अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन समन्वय, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए।
डॉ. कटियार ने कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, पारदर्शी प्रशासन तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रभारी प्राचार्य के रुप में डॉ. सुनील कुमार कटियार के पदभार ग्रहण करने से महाविद्यालय परिवार में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम एवं बैठक में डॉ. इंदुशेखर ममगई, डॉ. गिरधर जोशी, डॉ. रेखा पांडे, डॉ. जगवती, डॉ. संजय कुमार, डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. फखरुद्दीन राही, डॉ. धीरज गहतोड़ी, डॉ. प्रवीण पांडे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




