स्याल्दे के बसई गाँव में 66 वर्षीय तुलसी देवी की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार।
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। स्याल्दे ब्लॉक के बसई गाँव में आपसी विवाद के दौरान 66 वर्षीय तुलसी देवी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची, वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को तुलसी देवी का गाँव के ही राजेश सिंह पुत्र दौलत सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर राजेश सिंह ने पास में रखा दाव (दतोइया) उठाया और तुलसी देवी के सिर पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रुप से घायल हो गईं।
घटना के बाद ग्रामीण आनन-फानन में घायल तुलसी देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गाँव में शोक और चिंता का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व टीम अस्पताल पहुंची। मामले में थानाध्यक्ष देघाट अजेंद्र प्रसाद सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज के कारण आपा खोने की बात कही है।
गाँव में आपसी विवाद के दौरान हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है। मामूली कहासुनी के बाद हुई इस गंभीर वारदात से ग्रामीण क्षेत्र में चिंता का माहौल है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






