छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 को लेकर संयुक्त बैठक आयोजित।

नानकमत्ता (उधम सिंह नगर)। महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से महाविद्यालय के छात्रों एवं संभावित प्रत्याशियों के साथ निर्वाचन समिति, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नवीन भगत ने की।

निर्वाचन नियमों एवं लिंगदोह समिति की सिफारिशों की दी जानकारी:
बैठक के प्रारंभ में सहायक निर्वाचन अधिकारी ममता सुयाल ने छात्र-छात्राओं एवं संभावित प्रत्याशियों को छात्र संघ निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने लिंगदोह समिति की सिफारिशों के प्रमुख बिंदुओं को स्पष्ट करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित आचार-व्यवहार एवं अनुशासन का पालन करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कुमाऊँ विश्वविद्यालय के छात्र संघ संविधान में प्रत्याशियों के लिए निर्धारित सामान्य एवं विशिष्ट अर्हताओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक छात्र को निर्धारित नियमों एवं अर्हताओं का पूर्णतः पालन करते हुए स्वस्थ एवं लोकतांत्रिक वातावरण में निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता करनी चाहिए।

अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता का आह्वान:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. राघवेंद्र मिश्रा ने छात्रों एवं संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूर्ण अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र संघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। अतः सभी प्रतिभागियों से अपेक्षा है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं आचार-संहिता का पालन करते हुए महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखें।

पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था एवं अनुशासन को लेकर किया जागरुक:
इस अवसर पर नानकमत्ता थाना प्रभारी संजय पाठक एवं अनवर अहमद ने विद्यार्थियों एवं संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन के दौरान आचार-संहिता के पालन, अनुशासन एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, विवाद अथवा ऐसी गतिविधि से बचना आवश्यक है, जिससे महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने का आह्वान किया।

छात्रों के सवालों का निर्वाचन समिति ने किया समाधान:
बैठक के दौरान छात्रों एवं संभावित प्रत्याशियों द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया, प्रत्याशियों की अर्हता, आचार-संहिता तथा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न प्रस्तुत किए गए, जिनका निर्वाचन समिति एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।

महाविद्यालय की गरिमा और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान:
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. नवीन भगत ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य छात्र संघ निर्वाचन को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए संयम एवं मर्यादा बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सकारात्मक एवं रचनात्मक सहभागिता करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा एवं अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

सहायक निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार:
बैठक का संचालन सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. रवि जोशी द्वारा किया गया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों, निर्वाचन समिति के सदस्यों, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, पुलिस प्रशासन, छात्रों एवं संभावित प्रत्याशियों का आभार व्यक्त किया तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

बैठक में छात्र संघ निर्वाचन समिति के सभी सदस्य तथा महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मृत्युंजय शर्मा, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. निवेदिता अवस्थी, डॉ. ममता सुयाल, डॉ. उमेश जोशी, डॉ. शशि प्रकाश सिंह, डॉ. आशा गढ़िया, डॉ. रवि जोशी, डॉ. मंजुलता जोशी, डॉ. गौरवेंद्र आर्या, महेश कन्याल, गंगा देवी, राम जगदीश सिंह, विपिन थापा, सुनील कुमार, अतुल राणा, वंश कुमार गुप्ता, बेबी कौर, तनुज राणा, सिमरन कौर, निवेदिता मांझी, हरमन कौर सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ एवं संभावित प्रत्याशी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *