महिला उद्यमियों के व्यावसायिक विचारों को मिला विशेषज्ञ मार्गदर्शन, अल्मोड़ा में आयोजित हुआ उद्यमिता बूट कैंप।
अल्मोड़ा। आईआईएम काशीपुर (फीड) द्वारा उत्तराखंड ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (रीप) के सहयोग से ब्लॉक कार्यालय हवालबाग के सभागार, अल्मोड़ा में एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिला उद्यमियों एवं उद्यमिता के इच्छुक प्रतिभागियों को व्यवसाय विकास, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वित्तीय समझ, सरकारी योजनाओं तथा बाजार एवं उद्यम विकास से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान करना था।
दीप प्रज्वलित कर किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ:
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. जगदीश प्रसाद साहू, आईआईएम काशीपुर, विशिष्ट अतिथि डॉ. जी.सी.एस. नेगी, एमेरिटस साइंटिस्ट, यूकॉस्ट अल्मोड़ा, गिरीश चंद्र पंत, डीडीएम, नाबार्ड, अल्मोड़ा एवं संतोष जेठी (पीसीएस), खंड विकास अधिकारी, हवालबाग द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
महिला उद्यमियों के व्यावसायिक विचारों पर मिला विशेषज्ञ मार्गदर्शन:
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आईआईएम काशीपुर के प्रो. जगदीश प्रसाद साहू ने महिला उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न व्यावसायिक विचारों को सुना और उन्हें व्यवसाय को आगे बढ़ाने, बाजार की संभावनाओं को समझने, ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरुप उत्पाद एवं सेवाओं को विकसित करने तथा उद्यम की वृद्धि के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं व्यावहारिक सुझाव दिए। महिला उद्यमियों ने अपने-अपने व्यवसाय एवं नए व्यावसायिक विचारों को पिच के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसके दौरान उन्हें विशेषज्ञों के समक्ष अपने विचारों को स्पष्ट रुप से रखने और सुझाव प्राप्त करने का अवसर मिला।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को उद्यमिता से जोड़ने पर ज़ोर:
इस अवसर पर रमेश कनवाल, सहायक खंड विकास अधिकारी ने उद्यमिता के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जोड़ने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक ज्ञान के साथ विज्ञान और तकनीकी नवाचार को जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में नए उद्यमों एवं रोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
ग्रामीण उद्यमिता के लिए वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग की जानकारी:
ललित महावर, डीपीएम रीप ने ग्रामीण उद्यमिता एवं ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए उपलब्ध वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग, ग्रामीण उद्यमों के विकास तथा विभिन्न स्तरों पर किए जा सकने वाले प्रयासों के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रुप से आगे बढ़ाने तथा उपलब्ध संस्थागत सहयोग का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
महिला उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण पहल:
संतोष जेठी (पीसीएस), खंड विकास अधिकारी, हवालबाग ने कार्यक्रम को ग्रामीण क्षेत्र की महिला उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से महिला उद्यमियों को विशेषज्ञों, सफल उद्यमियों एवं विभिन्न विभागीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
सफल उद्यमी ने साझा की अपनी उद्यमशीलता यात्रा:
कार्यक्रम में सफल उद्यमी अर्जुन, संस्थापक, Neei ने अपनी उद्यमशीलता यात्रा, व्यवसाय शुरु करने के अनुभव, चुनौतियों तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने से जुड़े व्यावहारिक अनुभव महिला प्रतिभागियों के साथ साझा किए। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने स्थानीय संसाधनों एवं क्षमताओं का उपयोग करते हुए उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
व्यावसायिक विचारों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने में सहायक है बूट कैंप:
आईआईएम काशीपुर (फीड) के बिजनेस मैनेजर गिरधर सिंह बिष्ट ने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं महिला उद्यमियों के लिए उपलब्ध मार्गदर्शन और सहयोग के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बूट कैंप महिला उद्यमियों को अपने व्यावसायिक विचारों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने, विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त करने और उद्यम की वृद्धि की दिशा तय करने में सहायक है।
महिला उद्यमियों ने प्रस्तुत की अपने उद्यमों की पिच:
बूट कैंप के दौरान महिला उद्यमियों ने अपने विभिन्न व्यावसायिक विचारों एवं उद्यमों की पिच प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने अपने उत्पाद, व्यवसाय मॉडल, बाजार की संभावनाओं, वर्तमान चुनौतियों एवं भविष्य की विकास योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। विशेषज्ञों द्वारा इन प्रस्तुतियों पर आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
महिला उद्यमियों ने लगाए उत्पादों के स्टॉल:
कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिनका मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा अवलोकन कर महिला उद्यमियों के उत्पादों एवं उनके व्यवसाय के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
कार्यक्रम का संचालन आशा निशुनी ने किया।
इस अवसर पर संदीप, कमला जोशी, अर्जुन वर्मा, नीरज, सीमा कुमारी, नवीन सिंह व क्षेत्र की महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों, संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






