उत्तराखंड में पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम जारी, 3922 रिक्त पदों पर 12 अक्टूबर को होगा मतदान।
देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर लंबे समय के बाद आखिरकार उपचुनाव का कार्यक्रम तय हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त चल रहे कुल 3922 पदों के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही प्रदेश में पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर 2026 से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी, वहीं 12 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। 14 अक्टूबर 2026 को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद शनिवार को संबंधित जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने जिलों में उपचुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।
हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के शेष 12 जिलों में पिछले वर्ष त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए गए थे। इन चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ ही ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पद भी रिक्त रह गए थे। बाद में रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव कराया गया, लेकिन इसके बावजूद विभिन्न कारणों से बड़ी संख्या में पद खाली रह गए।
वर्तमान में ग्राम पंचायत सदस्य के 3890, ग्राम प्रधान के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 09 पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों में हरिद्वार जिले के ग्राम पंचायत सदस्य के 13 और ग्राम प्रधान के तीन पद भी शामिल हैं।
रिक्त पदों पर चुनाव कराने का मामला उच्च न्यायालय तक भी पहुंचा था। अब राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कार्यक्रम जारी होने के बाद इन पदों पर चुनाव का रास्ता साफ हो गया है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार उपचुनाव के लिए 30 सितंबर 2026 व 01 अक्टूबर 2026 को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
इसके बाद 03 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जाँच की जाएगी।
04 अक्टूबर 2026 को नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। इस दिन सुबह 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे।
इसके बाद 05 अक्टूबर 2026 को चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
उपचुनाव के लिए 12 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। मतदान सुबह 08 बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा।
इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। मतगणना पूरी होने के बाद उसी दिन शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






