राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में धूमधाम से मनाया गया गढ़ भोज दिवस।
रामगढ़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में गढ़भोज दिवस अत्यंत धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध पारंपरिक खान-पान संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्थानीय व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई।
प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. नगेंद्र द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड के भिन्न-भिन्न स्थानीय व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। विद्यार्थियों ने प्रत्येक भोज्य पदार्थ में उपस्थित पोषक तत्वों की जानकारी भी दी। मोटे अनाज (मिलेट्स) से बनी भट्ट की चुड़कानी, मडुवे की रोटी के साथ-साथ पहाड़ी ककड़ी का रायता, भांग की चटनी, पोदिने की चटनी, कड़ी-चावल, पकौड़े, आलू के गुटके प्रदर्शनी में अत्यंत रचनात्मकता के साथ प्रदर्शित किए गए।
प्राचार्य ने सभी को गढ़ भोज दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने अपने संबोधन में इन व्यंजनों के महत्व के विषय में जानकारी दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन व संचालन डॉ. निर्मला रावत ने किया।
इस अवसर पर नीमा पन्त, तनुजा जोशी, दीप्ति, कुन्दन, गणेश, कमलेश डोभाल और प्रेम भारती उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






