डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड की देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार तथा स्टार्टअप की संभावनाओं से परिचित कराना और उन्हें रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजन के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रुप में महेंद्र सिंह रौतेला ने विद्यार्थियों को देवभूमि उद्यमिता योजना की संरचना, उद्देश्य, विभिन्न चरणों तथा उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावसायिक स्वरुप प्रदान करने, नवाचार अपनाने तथा स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को योजना के अंतर्गत संचालित चार प्रमुख चरणों के बारे में जानकारी दी गई। इनमें एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम, तीन दिवसीय बूट कैंप, आईआईएम काशीपुर में उद्यमिता विकास कार्यक्रम तथा देहरादून में आयोजित होने वाला मेगा इवेंट शामिल हैं।
विद्यार्थियों को योजना के माध्यम से उद्यमशील कौशल विकसित करने, व्यावसायिक मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा सीड कैपिटल जैसे अवसरों के बारे में भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर डॉ. मनप्रीत सिंह, डॉ. सुभाष चंद्र, डॉ. इला बिष्ट आदि ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व को समझने, नवाचारी विचारों को विकसित करने तथा भविष्य में स्वरोजगार की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने किया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शर्मिला सक्सेना के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को उद्यमिता के प्रति जागरुक करने तथा आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने के संदेश के साथ हुआ।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






