राजकीय महाविद्यालय भतरौंजखान में सेवा संकल्प अभियान के तहत निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित।

भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय भतरौंजखान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. रुपा यादव ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाना, ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन से जोड़ना तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन उद्देश्यों की प्राप्ति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रेमा, गीता, प्रियंका, रेनू, दीक्षा एवं बबीता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में प्रेमा, गीता, प्रियंका और रेनू ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम में प्रभावशाली सहभागिता की।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरुक करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. रुपा यादव, डॉ. अलका कोली, सुनीता भट्ट, ललित मोहन, अरुण, रोहित एवं गिरीश उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *