थौली-पाली क्षेत्र पंचायत उपचुनाव में छह प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद।
14 अक्टूबर को होगी मतगणना, चार बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मतदान।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण के अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य थौली-पाली सीट पर सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस सीट पर छह प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया है। अब 14 अक्टूबर 2026 को मतगणना के बाद परिणाम घोषित होने पर प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा।
छह प्रत्याशी मैदान में:
थौली-पाली क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में लक्ष्मण सिंह निवासी ग्राम सिनौड़ा, चंद्र सिंह निवासी पाली, जय प्रकाश नेगी निवासी नौघरिया, नंदन सिंह रावत निवासी चनूली, गंगा देवी निवासी गंगोड़ा तथा ललित मोहन निवासी पाली-थौली शामिल हैं।
इस सीट पर कुल लगभग 1,734 मतदाता थे। मतदान के दौरान चार बूथों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चार बूथों पर मतदान का विवरण:
■ राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौघरिया: यहां कुल 536 मतदाता थे, जिनमें से 125 मत पड़े। इनमें 55 पुरुष और 70 महिला मतदाता शामिल रहे।
■ राजकीय प्राथमिक विद्यालय गंगोड़ा: यहां कुल 480 मतदाता थे, जिनमें से 189 मत पड़े। इनमें 95 पुरुष और 94 महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
■ राजकीय प्राथमिक विद्यालय द्योलीखाल: यहां कुल 500 मतदाता थे, जिनमें से 200 मत पड़े। इनमें 87 पुरुष और 113 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
■ राजकीय प्राथमिक विद्यालय सोली: यहां कुल 220 मतदाता थे, जिनमें से 37 मत पड़े। इनमें 16 पुरुष और 21 महिला मतदाता शामिल रहे।
दिव्यांग मतदाताओं ने भी किया मतदान:
मतदान के दौरान द्योलीखाल बूथ पर 30 वर्षीय दिव्यांग तारादेवी निवासी मटेला व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान करने पहुंचीं। वहीं, ग्राम सोली निवासी 27 वर्षीय मीना कांडपाल को प्रधान प्रतिनिधि दिनेश चंद्र ने अपने कंधे पर बैठाकर बूथ तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्होंने मतदान किया।
अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा:
सेक्टर मजिस्ट्रेट भिकियासैंण याक्षी अरोड़ा ने चारों बूथों का लगातार निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, इस दौरान थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार ने अपनी पुलिस टीम के साथ सुबह से शाम तक शांति व्यवस्था का जायजा लिया। एलआईयू के गणेश देवली ने भी पूरे दिन बूथों का बारीकी से निरीक्षण किया।
मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 14 अक्टूबर 2026 को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






