घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक लगी आग, झुलसने से बगल में बंधी गाय की मौत।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण के टानी गाँव निवासी जानकी देवी पत्नी खीम सिंह के घर में घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालांकि, इस घटना में घर के बगल में बंधी एक कीमती गाय की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे जानकी देवी की बहू घर में नए गैस सिलेंडर पर रेगुलेटर फिट कर रही थीं। इसी बीच अचानक सिलेंडर में आग लग गई, जिससे घर में अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत की और करीब दो घंटे बाद सिलेंडर को घर से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। घटना के दौरान स्थानीय निवासी एवं पूर्व ग्राम प्रधान चन्द्रेश रावत, गिरीश कड़ाकोटी, पूरन रावत, माधवी रावत सहित अन्य ग्रामीण मदद के लिए जुट गए। ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग लगे सिलेंडर को बाहर निकालने का प्रयास किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना में घर के बगल में बंधी अच्छी नस्ल की बियाने वाली कीमती गाय की गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. महेश बधोड़ा ने गाय को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र सिनौड़ा शुभम सैनी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना कर घटना की जाँच शुरु कर दी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *