राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में स्थापना दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित।

नानकमत्ता (उधम सिंह नगर)। महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में राज्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान एवं महाविद्यालय के पाँचवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, प्राचार्य प्रो. नवीन भगत तथा प्राध्यापकगण ने दीप प्रज्वलित कर किया। छात्रा बेबी कौर ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का बैज अलंकरण एवं पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। प्राचार्य प्रो. नवीन भगत ने महाविद्यालय की स्थापना से अब तक की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों की प्रगति आख्या प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम सिंह राणा ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं उनके दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जागरुक, कौशलयुक्त और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, उद्यमिता प्रोत्साहन तथा कौशल विकास पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ हुए समझौतों सहित उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों के हितार्थ संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मृत्युंजय शर्मा ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत आरती चंद समूह ने कुमाऊँनी नृत्य प्रस्तुत किया। उर्मिला ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर नृत्य प्रस्तुत कर सामाजिक जागरुकता का संदेश दिया। वहीं, शिवानी राणा समूह ने गरबा नृत्य तथा उर्मिला समूह ने योग नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम संयोजक चम्पा टम्टा ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों की आख्या प्रस्तुत की। हर घर तिरंगा एवं सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। प्राचार्य ने मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम सिंह राणा को उत्तराखंड की लोककला पर आधारित एपण कलाकृति स्मृति-चिह्न के रुप में भेंट की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. उमेश चंद्र जोशी एवं डॉ. रवि जोशी ने संयुक्त रुप से किया, जबकि हिंदी विभाग की प्राध्यापक डॉ. सुमन कुमारी ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रो. मृत्युंजय शर्मा, डॉ. राघवेंद्र मिश्रा, डॉ. निवेदिता अवस्थी, ममता सुयाल, डॉ. भुवन चंद्र जोशी, डॉ. आशा गड़िया, डॉ. मंजुलता जोशी, डॉ. दर्शन सिंह मेहता, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. गौरवेंद्र देव आर्य, महेश कन्याल, गंगा देवी, विपिन सिंह थापा, राम जगदीश, संतोष चंद, सुनील प्रकाश सहित छात्रसंघ अध्यक्ष अतुल राणा, सचिव नीरज जोशी, उपाध्यक्ष निर्मल कौर, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि वंश कुमार गुप्ता, सरोज कुमारी, बेअंत कौर तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *