गुणवत्तापूर्ण शोध एवं शोध-प्रस्ताव लेखन की वैज्ञानिक तकनीकों पर विशेष कार्यशाला आयोजित।

खटीमा (उधम सिंह नगर)। हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय महाविद्यालय खटीमा में “गुणवत्तापूर्ण शोध एवं शोध-प्रस्ताव लेखन की वैज्ञानिक तकनीकें” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों को शोध की वैज्ञानिक प्रक्रिया, प्रभावी शोध-प्रस्ताव निर्माण तथा गुणवत्तापूर्ण अकादमिक लेखन की व्यावहारिक बारीकियों से परिचित कराना रहा।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रुप में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार कटियार उपस्थित रहे। उन्होंने शोध की अवधारणा एवं महत्त्व, उपयुक्त शोध विषय के चयन, शोध समस्या के निर्धारण, साहित्य समीक्षा तथा वैज्ञानिक शोध पद्धति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शोध केवल तथ्यों के संकलन तक सीमित नहीं होता, बल्कि इसके लिए तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, व्यवस्थित कार्ययोजना और मौलिक विचारों का समन्वय आवश्यक है।

कार्यशाला के कन्वीनर डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार ने गुणवत्तापूर्ण शोध की विशेषताओं, शोधपत्र लेखन की वैज्ञानिक तकनीकों तथा प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं की इंडेक्सिंग के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

उन्होंने Scopus, Web of Science, SCIE एवं ESCI जैसे प्रमुख शोध डेटाबेस में जर्नल की वास्तविक इंडेक्सिंग की आधिकारिक स्रोतों से जाँच करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही शोधपत्र लिखते समय शोध समस्या के चयन, रिसर्च गैप की पहचान, मौलिकता एवं नवीनता, साहित्य समीक्षा, गणितीय एवं वैज्ञानिक शुद्धता, संदर्भों के उचित उल्लेख तथा शोध नैतिकता जैसे महत्त्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष बल दिया।

डॉ. पड़ियार ने वर्तमान समय में सक्रिय प्रीडेटरी जर्नल्स (Predatory Journals) के प्रति शोधकर्ताओं को सचेत करते हुए बताया कि कुछ संदिग्ध प्रकाशक भ्रामक इंडेक्सिंग दावों, फर्जी इम्पैक्ट फैक्टर, अनुचित प्रकाशन वादों तथा बिना उचित सहकर्मी समीक्षा के शोधपत्र प्रकाशित करने का प्रलोभन देते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों को ऐसे जर्नलों की पहचान करने, प्रकाशन से पूर्व उनकी विश्वसनीयता की जाँच करने तथा आधिकारिक डेटाबेस के माध्यम से इंडेक्सिंग और कवरेज अवधि का सत्यापन करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शोध की वास्तविक गुणवत्ता केवल प्रकाशनों की संख्या से नहीं, बल्कि उसकी मौलिकता, वैज्ञानिक विश्वसनीयता, नैतिकता और ज्ञान में दिए गए योगदान से निर्धारित होती है।

महाविद्यालय की शोध समिति के संयोजक प्रो. आदेश कुमार ने शोध की गुणवत्ता तथा शोध परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने शोध की योजना तैयार करने, उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करने, डेटा की प्रामाणिकता बनाए रखने, निर्धारित समय-सीमा का पालन करने तथा शोध के प्रत्येक चरण में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने बताया कि किसी भी शोध परियोजना की सफलता के लिए सुव्यवस्थित कार्ययोजना, नियमित प्रगति समीक्षा और निर्धारित उद्देश्यों के अनुरुप कार्य करना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यशाला के दौरान शोध-प्रस्ताव (Research Proposal) तैयार करने की प्रक्रिया, डेटा संग्रह एवं विश्लेषण की तकनीकों, शोध में नैतिकता एवं गुणवत्ता, शोध निष्कर्षों की विश्वसनीयता तथा शोध परियोजनाओं के लिए अनुदान एवं फंडिंग के अवसरों जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।

प्रतिभागियों को शोध कार्य की रुपरेखा तैयार करने, साहित्य समीक्षा को प्रभावी बनाने तथा अपने शोध विचारों को व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक ढंग से प्रस्तुत करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यशाला के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक सचिव डॉ. धीरज गहतोड़ी ने कार्यशाला में उपस्थित सभी शोधार्थियों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

उन्होंने आश्वस्त किया कि महाविद्यालय में शोधार्थियों की अकादमिक एवं अनुसंधान संबंधी दक्षताओं को विकसित करने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार की उपयोगी कार्यशालाओं का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।

यह कार्यशाला महाविद्यालय में शोध-उन्मुख शैक्षणिक वातावरण को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ाने की एक महत्त्वपूर्ण पहल रही। कार्यक्रम ने गुणवत्तापूर्ण शोध, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रकाशन नैतिकता और ज्ञान सृजन के प्रति जागरुकता बढ़ाने का संदेश दिया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *