ADG उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन की सख्त नाराजगी व फटकार के बाद हरकत में आया सिस्टम, नैनीताल पुलिस का साइबर क्राइम हॉटस्पॉट पर बड़ा प्रहार।
एक ही रात में युद्धस्तर पर कार्रवाई, जनपद के विभिन्न थानों में 43 अभियोग दर्ज; अब तक कुल 49 मुकदमे पंजीकृत।
म्यूल अकाउंट से लेकर एटीएम और चेक विड्रॉल तक पर पुलिस का शिकंजा, ADG ने VC में जताई थी कड़ी नाराजगी; IG कुमाऊँ ने भी दिए थे तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश।
नैनीताल। साइबर अपराध के हॉटस्पॉट के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में अपेक्षित तेजी नहीं आने पर अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद नैनीताल पुलिस ने साइबर क्राइम हॉटस्पॉट के विरुद्ध युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरु कर दी है।
आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती ने भी इस प्रकरण में गंभीरता दिखाते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
एक दिन में 43 अभियोग पंजीकृत, अब तक कुल 49 मुकदमे:
वरिष्ठ अधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में नैनीताल पुलिस ने साइबर क्राइम हॉटस्पॉट के विरुद्ध जाँच के बाद एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई तेज कर दी है। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों में एक ही दिन में साइबर क्राइम हॉटस्पॉट के विरुद्ध कुल 43 अभियोग पंजीकृत किए गए। इसके साथ ही अब तक कुल 49 अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं।
जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि साइबर क्राइम हॉटस्पॉट के विरुद्ध तत्काल और समयबद्ध तरीके से प्रभावी कार्रवाई की जाए।
म्यूल बैंक खातों, एटीएम और चेक विड्रॉल से जुड़े मामलों में कार्रवाई:
साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न हॉटस्पॉट के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट, एटीएम विड्रॉल, चेक विड्रॉल तथा सिम एवं POS से संबंधित मामलों की जाँच कर एफआईआर दर्ज कराई है।
साइबर अपराधियों की मदद करने वाले नेटवर्क पर होगी कठोर कार्रवाई:
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि साइबर अपराध के माध्यम से अर्जित धनराशि को बैंक खातों, एटीएम, चेक अथवा अन्य माध्यमों से निकालने और अपराधियों को सहयोग पहुंचाने वाले नेटवर्क के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न हॉटस्पॉट को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






