सल्ट पुलिस ने 38.220 किलो गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट पुलिस को चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टैक्सी कार में गांजे की तस्करी कर रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 38.220 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत 9.5 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टैक्सी कार को भी सीज कर दिया है। इस कार्रवाई पर एसएसपी अल्मोड़ा ने पुलिस टीम को 2,500/- रुपये के नकद इनाम से पुरस्कृत किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन को साकार करने के लिए लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग करने तथा अवैध रुप से गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में सल्ट पुलिस टीम द्वारा चिमटाखाल तिराहे पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान टैक्सी वाहन अर्टिगा संख्या UK19TA1223 को चेक किया गया।
वाहन में सवार चालक जगत सिंह अधिकारी के कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टों में गांजा बरामद हुआ। पहले कट्टे में 17.560 किलोग्राम और दूसरे कट्टे में 20.660 किलोग्राम गांजा मिला। इस प्रकार कुल 38.220 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सल्ट में मुकदमा संख्या 19/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांजे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टैक्सी कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस टीम द्वारा गांजे के क्रय-विक्रय और उसके स्रोतों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
जगत सिंह अधिकारी पुत्र उत्तम सिंह अधिकारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम नाथूजाला, कोटाबाग, थाना कालाढूंगी, जिला नैनीताल
पुलिस टीम में:
■ अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट
■ अपर उपनिरीक्षक दीपचन्द्र सिंह
■ हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार
■ हेड कांस्टेबल हेमन्त मनराल
■ हेड कांस्टेबल विरेन्द्रपाल सिंह
■ कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






