दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला, पति-सास समेत चार गिरफ्तार।

हत्या को आत्महत्या का रुप देने की कोशिश का आरोप, बुलेट मोटरसाइकिल और पाँच लाख रुपये नकद की मांग को लेकर चल रहा था विवाद।

रामनगर (नैनीताल)। दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामनगर पुलिस ने मामले में मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रुप देने का प्रयास किया गया। मामले में पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम के आधार पर आगे की जाँच कर रही है।

18 अक्टूबर को मृतका के पिता ने दी तहरीर:
दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को वादी नसीम अहमद पुत्र जबर साह, निवासी ग्राम बुढनपुर, थाना डिलारी, तहसील ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद ने कोतवाली रामनगर में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को उवेश पुत्र फजले अली, निवासी गैस गोदाम रोड, खताड़ी, रामनगर, जनपद नैनीताल के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।

वादी ने आरोप लगाया कि पुत्री के विवाह में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पाँच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। आरोप है कि 16 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 339/2026, धारा 80(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर द्वारा की जा रही है।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी:
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार को तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने और मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इन निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने प्रकरण से संबंधित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दहेज और पारिवारिक विवाद की बात आई सामने:
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, मृतका कोहिनूर और उसके पति उवेश के बीच दहेज के रुपये तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद रहता था। घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया। इस दौरान कोहिनूर की मृत्यु हो गई।

हत्या को आत्महत्या का रुप देने का प्रयास करने का आरोप:
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रुप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया। इसके बाद उसके आत्महत्या करने की बात प्रचारित की गई।

पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों, घटनाक्रम और विवेचना में सामने आए तथ्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों के संबंध में भी जाँच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
1- उवेश पुत्र फजले अली, उम्र 22 वर्ष, निवासी गैस गोदाम, ऊटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर — मृतका का पति
2- नसरीन पत्नी फजले अली, उम्र 50 वर्ष, निवासी उपरोक्त — मृतका की सास
3- अनस पुत्र फजले अली, उम्र 23 वर्ष, निवासी गैस गोदाम, ऊटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर — मृतका का जेठ
4- शबा पुत्री फजले अली, उम्र 20 वर्ष, निवासी उपरोक्त — मृतका की ननद

पुलिस टीम में:
■ वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, कोतवाली रामनगर
■ देवेन्द्र सिंह राजपूत, चौकी प्रभारी छोई, कोतवाली रामनगर
■ उपनिरीक्षक सोमेन्द्र सिंह
■ हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भण्डारी
■ महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे।

पुलिस टीम को 2,500/- रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500/- रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *