प्रधानाध्यापक उत्तम पाल भंडारी हुए सेवानिवृत्त, 36 वर्षों की सेवाओं के बाद दी गई भावभीनी विदाई।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय झिमार के प्रधानाध्यापक एवं राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विकासखंड सल्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम पाल भंडारी अपनी 36 वर्षों की सफल और गौरवशाली सेवाएं पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। शिक्षा के क्षेत्र में अपने समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अनुकरणीय नेतृत्व से उन्होंने एक अलग पहचान बनाई।

इस अवसर पर उनके आवास पर भव्य एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उनके स्नेहीजनों, सहयोगियों और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उत्तम पाल भंडारी का शिक्षण कार्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने 36 वर्षों के लंबे कार्यकाल के दौरान विभिन्न विद्यालयों में अपनी विशिष्ट सेवाओं से शिक्षा की अलख जगाई। उनका संपूर्ण कार्यकाल बच्चों के भविष्य को संवारने, विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और शिक्षणेत्तर गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।

उनकी सादगी, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और मिलनसार स्वभाव ने प्रत्येक छात्र, अभिभावक और सहकर्मी के दिल में विशेष स्थान बनाया।

अध्यापन कार्य के साथ-साथ उत्तम पाल भंडारी ने राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विकासखंड सल्ट इकाई में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रुप में शिक्षकों के अधिकारों, हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा मुखर एवं सक्रिय भूमिका निभाई। शिक्षक समुदाय उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन को हमेशा एक मजबूत स्तंभ के रुप में देखता आया है।

राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, सल्ट इकाई ने उत्तम पाल भंडारी का हृदय से अभिनंदन करते हुए उनके जीवन के नए चरण यानी सेवानिवृत्ति के लिए अनंत शुभकामनाएं दीं। संघ का मानना है कि भले ही उन्होंने शासकीय सेवा से विश्राम ले लिया है, लेकिन उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज तथा शिक्षा जगत को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

विदाई समारोह में उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *