आईआईएम काशीपुर में शीतलाखेत की छात्राओं ने बिखेरी चमक, भीमल से बने हर्बल शैम्पू के नवाचार को मिली सराहना।

शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), काशीपुर में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) में राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत की छात्राओं ने अपनी अनूठी प्रतिभा और नवाचार से अमिट छाप छोड़ी है। देवभूमि उद्यमिता योजना (DUY) के अंतर्गत आयोजित इस विशेष बूटकैंप में महाविद्यालय की छात्रा रश्मि आर्या एवं सुहानी आर्या ने प्रतिभाग किया।

आईआईएम काशीपुर के प्रतिष्ठित मंच पर छात्राओं ने उत्तराखंड की स्थानीय प्राकृतिक वनस्पति ‘भीमल’ के औषधीय गुणों का उपयोग कर तैयार किए गए हर्बल भीमल शैम्पू (Herbal Bheemal Shampoo) का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण दिया।

छात्राओं ने शैम्पू के निर्माण, केमिकल-मुक्त फॉर्मूलेशन, बालों के स्वास्थ्य के लिए इसके प्राकृतिक फायदों और व्यावसायिक बाजार में इसके विपणन की संभावनाओं को बड़े आत्मविश्वास के साथ विशेषज्ञों के सामने रखा। पर्यावरण-अनुकूल और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित इस उत्पाद की आईआईएम के ट्रेनर्स एवं उपस्थित विशेषज्ञों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एल. पी. वर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दूरस्थ पर्वतीय अंचलों के विद्यार्थियों में नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। भीमल जैसे पारंपरिक उत्पाद को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरुप शैम्पू का स्वरुप देना छात्राओं की रचनात्मक एवं उद्यमशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

महाविद्यालय में देवभूमि उद्यमिता योजना (DUY) की नोडल अधिकारी डॉ. वसुंधरा लास्पाल ने छात्राओं के प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों का मूल्य संवर्धन (Value Addition) कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना ही ‘वोकल फॉर लोकल’ का सच्चा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भीमल आधारित शैम्पू का यह मॉडल पर्वतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था में रोजगार सृजन की नई राह दिखा सकता है। आईआईएम काशीपुर जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के आइडिया को पहचान मिलना पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।

छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं में उत्साह एवं खुशी की लहर है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *