आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों को शामिल नहीं करने पर आक्रोश, देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड गवर्नमेंट पेंशनर संगठन की बैठक भिकियासैंण स्थित त्रिवेणी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अवकाश प्राप्त डीआईओएस डीएस नेगी ने की। बैठक में आठवें वेतन आयोग को सरकार की ओर से भेजे गए टर्म्स ऑफ रेफरेंस (टीओआर) में पेंशनरों को शामिल नहीं किए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2004 से सरकारी कर्मचारियों की पेंशन योजना समाप्त कर दी है, जिसके विरोध में कर्मचारी आज भी संघर्षरत हैं। अब पेंशनरों की पेंशन पर भी प्रहार करने की योजना बनाई जा रही है। बैठक में इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।

आक्रोशित पेंशनरों ने भिकियासैंण बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया और भारत के प्रधानमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी भिकियासैंण के माध्यम से ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में सरकार को चेतावनी दी गई कि आठवें वेतन आयोग को भेजे गए टर्म्स ऑफ रेफरेंस में पेंशनरों को शीघ्र शामिल नहीं किया गया तो देशभर में पेंशनर बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार मध्यमवर्गीय परिवारों को उजाड़ने में तुली हुई है। ठेकेदारी प्रथा शुरु कर पढ़े-लिखे नौजवानों को बंधुआ मजदूरी करने के लिए बाध्य किया जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों की पेंशन बंद करने की तैयारी की जा रही है, जबकि यहां के जनप्रतिनिधि आठ से दस बार तक पेंशन ले रहे हैं।

संगठन के सचिव आनन्द प्रकाश लखचौरा के निधन के बाद उनके स्थान पर गुसाईं सिंह उनियाल को संगठन का नया सचिव नियुक्त किया गया। बैठक में एक दर्जन से अधिक लोगों ने संगठन की सदस्यता भी ग्रहण की।

बैठक के बाद संगठन के सक्रिय सदस्य भवानी दत्त रिखाड़ी एवं आनन्द प्रकाश लखचौरा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत सदस्यों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

बैठक को केएन कबडवाल, डीएस नेगी, गुसाईं सिंह उनियाल, बचीराम आर्य, बाला दत्त उपाध्याय, गोपाल दत्त भगत, गंगा सिंह बिष्ट, एसपी सिंह राजौरिया, दीवान सिंह रावत, बहादुर सिंह रावत, नवीन जोशी, बाला दत्त कोटनाला, रमेशचंद्र सिंह बिष्ट, गोविन्द राम टम्टा, देवी दत्त लखचौरा और किसन सिंह मेहता आदि ने संबोधित किया। बैठक का संचालन तुला सिंह तड़ियाल ने किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *