राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर में जनगणना-2027 की स्वगणना को लेकर प्रशिक्षण एवं जनजागरुकता कार्यशाला आयोजित।

हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, गौलापार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना प्रक्रिया के प्रति जागरुकता एवं प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. बसंत नेगी ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर डॉ. सुरेश जोशी ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण एवं वीडियो के माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण तथा उससे संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक तरीके से समझाया कि नागरिक किस प्रकार स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। साथ ही स्वगणना करते समय आवश्यक सावधानियों एवं सही जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र कलौनी ने अपने संबोधन में जनगणना को राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि इसकी सफलता जनसामान्य की जागरुकता एवं सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया को समझने तथा अपने आस-पास के लोगों को भी इसके प्रति जागरुक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. महिराज मेहरा, डॉ. रीमा आर्या, डॉ. हेमंत बिनवाल, डॉ. बुशरा मतीन, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. सुनीता दानू, डॉ. किरन जोशी एवं चंद्रकला सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *