आदमखोर ने ताड़ा-अल्चौना में लड़की को मारा, परिजनों में मचा कोहराम, 13 दिन में बाघ भीमताल ब्लॉक में तीन महिलाओं को बना चुका है निवाला।

भीमताल (अल्मोड़ा) आदमखोर बाघ ने भीमताल ब्लॉक के मलुवाताल, पिनरो के बाद मंगलवार की शाम को ग्राम पंचायत अल्चौना के तोक ताड़ा निवासी एक लड़की पर हमला कर उसे जान से मार डाला है। आदमखोर लड़की को अपने साथ ही खींचकर ले गया। ग्रामीण लड़की के शव को घर से दूर से झाड़ी से ढूंढकर लाये। लगातार बाघ द्वारा लोगों को मारने की घटना से ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। प्रधान पूरन भट्ट ने बताया कि मंगलवार की शाम पांच बजे ताड़ा निवासी विपिन शर्मा की पुत्री निकिता शर्मा (18) अन्य महिलाओं के साथ खेत में घास काटने गयी हुई थी। जहां पहले से ही घात लगाकर बैठा आदमखोर ने उस पर हमला कर दिया और खींचकर ले गया। महिलाओं ने हो – होल्ला किया, तब तक वह लड़की खेत से नीचे झाड़ियों में ले जा चुका था। सभी ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लड़की की खोजबीन की कुछ दूरी पर झाड़ी में उसका शव मिला। आदमखोर ने उसके गले समेत शरीर पर गंभीर नाखून लगाये गये थे। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। लड़की अपने पीछे माता-पिता व भाईयों को रोता बिलखता छोड़ गयी है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, प्रधान पूरन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया, प्रधान संगठन अध्यक्ष हेमा आर्या, उपाध्यक्ष राधा कुल्याल, आरती भट्ट, लता पलड़िया, जया बोहरा, तारा पलड़िया, लक्ष्मण गंगोला, भाजपा नेता मनोज भट्ट, आनंद मणि भट्ट, दुर्गा दत्त पलड़िया आदि पंचायत प्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से जल्द आदमखोर बाघ को मारने की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

विधायक बोले डीएफओ की लापरवाही से हुई तीसरी घटना, बड़ौन से देर रात पैदल ताड़ा गांव पहुंचे विधायक।

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को ताड़ा में हुई घटना के लिए वन विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। कहा डीएफओ की लापरवाही से लगातार गाँव में तीसरी घटना हो गई है। वन विभाग के अधिकारी लापरवाह बने है। इतने दिन बीत जाने के बाद न तो बाघ को पकड़ा गया और नहीं उसे मारा गया। वन विभाग अभी तक आदमखोर गुलदार है या बाघ है इसका पता तक नहीं कर पाया है। विधायक ने कहा डीएफओ के लिए जनता से ज्यादा बाघ प्यारा हो गया है जिस कारण वह कोई कार्यवाही नहीं कर पा रहे हैं। विधायक ने डीएफओ से अपनी टीम के साथ गांव में जाने को कहा। मृतक के परिजनों को मुवावजा देने व गाँव में पिंजरा लगाने के निर्देश दिए। कहा पूरा क्षेत्र आदमखोर से खौफजदा हो गये हैं। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। इधर विधायक ने मुख्यमंत्री व वन मंत्री से वार्ता कर घटना की जानकारी देते हुए कहा आदमखोर बाघ ने भीमताल ब्लॉक के मलुवाताल, पिंनरो, ताड़ा गाँव में तीन लोगों को अपना निवाला बना दिया है। वन विभाग लापरवाह बना है। सूचना मिलने के बाद देर रात विधायक बड़ौन से पैदल ताड़ा गांव पहुंचे।

वन विभाग के लिए इंसान से ज्यादा आदमखोर प्यारा।

भीमताल। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने कहा वन विभाग के लिए इंसान से ज्यादा कीमत आदमखोर जानवर की है। आखिर विभाग ने इस आदमखोर को पकड़ने या मारने के लिए क्यों हाथ खड़े कर दिए हैं। विकासखंड में मात्र 13 दिनों में एक के बाद एक तीसरी घटना होना चिंताजनक व दुखद है। विभाग अब भी नहीं जाग रहा। बताया घटना की सूचना मिलते ही उनके द्वारा जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की जानकारी दे दी गयी है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने परिजनों को यथाशीघ्र मुआवजा देने की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आदमखोर को नही पकड़ा या मारा गया तो वन विभाग के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

आदमखोर को शीघ्र मारने की मांग।

भीमताल। अल्चौना ग्राम सभा प्रधान पूरन भट्ट ने वन विभाग व डीएम से आदमखोर बाघ को जल्द मारने की मांग की है। आदमखोर लगातार ब्लॉक के लोगों को अपना निवाला बना रहा है। ग्रामीण सदमे में हैं। इसके अलावा पांडे गांव, जंगलियागांव, शिमाला, बनना, पिनरो, अल्चोना, दुदली, देवनगर, ताड़ा में निरंतर ग्रामीणों को आदमखोर दिख रहा है। ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों हेतु घरों से बाहर नही निकल पा रहे हैं। जल्द नहीं मारा गया तो प्रशासन के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

वन विभाग के खिलाफ भीमताल के प्रधान सड़कों में उतर कर करेंगे आंदोलन, प्रधान संगठन अध्यक्ष ने प्रधानों की आज बुलाई बैठक।

भीमताल। पिछले 13 दिनों के भीतर ब्लॉक भीमताल के मलुवाताल, पिनरो व ताड़ा गांव से तीन महिलाओं को मार चुके आदमखोर बाघ को पकड़ने में नाकाम रहा विभाग के प्रति प्रधानों में तीव्र आक्रोश हैं। प्रधानों ने बुधवार को ब्लॉक में आंदोलन की रणनीति को लेकर बैठक आहूत की गयी है। प्रधान संगठन अध्यक्ष हेमा आर्या ने बताया अब प्रधानों का धैर्य टूटने लगा है। आदमखोर लगातार ग्रामीणों को अपना निवाला बना रहा है पर विभाग तमाशा देख रहा है। बताया सात दिसंबर को आदमखोर ने मलुवाताल व नौ को पिनरो गांव में महिला को मारा अब मंगलवार को ताड़ा में एक बालिका को मार दिया। इसके अलावा ग्रामीणों को लगातार आदमखोर दिखाई दे रहा है, वन विभाग की नजरें उस पर नहीं पड़ रही हैं। बताया प्रधान अब वन विभाग के खिलाफ सड़कों में उतरने को मजबूर हो चुके हैं। इस संबंध में बुधवार को ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक रखी गयी है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से प्रातः11 बजे विकासखंड सभागार में पहुंचने की अपील की है। इधर प्रधान संगठन उपाध्यक्ष राधा कुल्याल ने कहा तीन महिलाओं को निवाला बनाने के बाद भी विभाग न तो उसे पकड़ सका है और नहीं ट्रेंकुलाइज ही कर सका है। वन विभाग आदमखोर के नाम पर गांवों में पिकनिक मना रहा है।

कांग्रेसियों ने शासन-प्रशासन पर लगाया कुंभकर्णी नींद पर सोने का आरोप।

भीमताल। कांग्रेसियों में आदमखोर द्वारा तीसरी घटना को अंजाम देने को लेकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। कहा प्रशासन की कुंभकर्णी नींद के चलते लगातार आदमखोर ग्रामीणों की जान ले रहा है। कांग्रेसियों ने प्रशासन से जल्द आदमखोर को मारने या पकड़ने की मांग की है।‌ दो महिलाओं को निवाला बना चुके नरभक्षी द्वारा अल्चोना में फिर से एक युवती को निवाला बना देने की घटना ने सभी को झकझोर कर दिया है। बताया पिछले 10 से 12 दिनों से विद्यालय बंद हैं, बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई चौपट हो चुकी है। मांग करने वालों में प्रमुख राज्य आंदोलनकारी डा केदार पलड़िया, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र शर्मा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम मेहरा, मनोज शर्मा, लक्ष्मीदत्त, सरपंच हरीश पलड़िया, मोहन भट्ट, प्रधान कमलेश आर्या शामिल हैं।‌

अल्चौना, ताड़ा व पांडेछोर के सभी स्कूल बंद।

भीमताल। शिक्षा विभाग ने आदमखोर द्वारा ताड़ा में एक बालिका को मार देने के बाद अल्चौना, ताड़ा व पांडेछोर के समस्त स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित कर दिया है। खंड शिक्षाधिकारी मान सिंह ने बताया संबंधित प्रधानाचार्यो व हैड मास्टरों को निर्देश दे दिये हैं कि वह जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुसार स्कूलों को बंद रखने की व्यवस्था करें।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *