केन्द्र सरकार द्वारा हिट एंड रन को लेकर बुधवार से वाहनों का संचालन हुआ शुरु।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा) केंद्र सरकार द्वारा हिट एंड रन को लेकर बनाये जा रहे कानून के विरोध में मानिला सल्ट-भिकियासैंण टैक्सी यूनियन तथा यात्री बसों की हड़ताल बुधवार दिन में खुलने के बाद यात्री वाहनों का सड़को में संचालन शुरु हो गया है। सभी यात्रियों को काफी राहत मिली है। हड़ताल के चलते जगह-जगह यात्री परेशान थे। टैक्सी यूनियन के महासचिव देवेंद्र ध्यानी ने जानकारी देते हुए बताया है कानून के विरोध में आज दोपहर तक सभी मार्गों पर पूर्ण रुप से टैक्सियों के पहिये जाम रहे। राष्ट्रीय महासंघ के निर्णय के बाद वाहन संचालकों ने हड़ताल स्थगित की है।

मालूम हो कि हिट एंड रन को लेकर नए कानून के खिलाफ ट्रांसपोर्टर्स ने देशव्यापी हड़ताल से जनजीवन बूरी तरह प्रभावित हुआ। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने उनके साथ बैठक की। बैठक और वार्ता का नतीजा भी तत्काल देखने को मिला। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा, हमने आज अखिल भारतीय परिवहन कांग्रेस के प्रतिनिधियों से चर्चा की।

अजय भल्ला ने कहा सरकार ये बताना चाहती है कि नए कानून और जुर्माने के प्रावधान अभी लागू नहीं हुए हैं उन्होंने कहा भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(2) लागू करने से पहले अखिल भारतीय परिवहन कांग्रेस से विचार विमर्श किया जाएगा। ड्राइवरों और ट्रांसपोर्टर की चिंताओं को सुनने के बाद ही तुरन्त निर्णय लिया जाएगा। अखिल भारतीय मोटर परिवहन कांग्रेस (AIMTC) के अध्यक्ष अमृत लाल मदन ने गृह सचिव के साथ बैठक के बाद गतिरोध खत्म करने की अपील की, उन्होंने कहा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वस्त किया है कि सरकार, कानून के तहत 10 साल की सजा और जुर्माने के प्रावधान पर रोक लगाएगी। अमृत लाल मदन के मुताबिक अखिल भारतीय मोटर परिवहन कांग्रेस की अगली बैठक तक कोई कानून लागू नहीं किया जाएगा। इसके अलावा एआईएमटीसी के प्रतिनिधियों ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे नए कानूनों को लागू नहीं होने देंगे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *