पटवारी क्षेत्र बिनोली के थिरोली युवक अभिषेक में सूखा पेड़ गिरने से हुई मौत, घर में मचा कोहराम।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण अन्तर्गत राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र बिनोली में लकड़ियां लेने जंगल गये युवकों पर एक सूखा पेड़ अचानक गिर गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घायल युवक को ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण लाया गया जहां गंभीर हालत देखते हुए डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
राजस्व उपनिरीक्षक जगमोहन शाह ने बताया कि आज गुरुवार दोपहर बाद थिरोली निवासी अभिषेक पुत्र प्रेम सिंह 15 वर्ष तथा कृष पुत्र सुरेश सिंह 16 वर्ष गांव के नजदीक जंगल में लकड़ियां बीनने गये थे, इस दौरान अचानक एक सूखे पेड़ की बड़ी टहनी टूटकर उनके ऊपर गिर गई, सूचना मिलते ही जब आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तब तक अभिषेक की मौत हो गई थी।
ग्रामीण आनन-फानन में कृष को सीएचसी भिकियासैंण लाये, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। राजस्व उपनिरीक्षक जगमोहन शाह ने बताया शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। इस मौके पर कानूनगो हरिकिशन गिरी, पंकज बिष्ट, जितेन्द्र आदि विभागीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण










