राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण के सात दिवसीय शिविर का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ शुभारंभ।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर का आज शुभारंभ हो गया है। शिविर के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में सामाजिक कार्यकर्ता नंदन सिंह बिष्ट रहे। शिविर का शुभारंभ स्वयंसेवियों द्वारा अतिथि को तिलक लगाकर किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत् शुभारंभ मांँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात् स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया व स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना लक्ष्यगीत का गायन किया। तत्पश्चात महाविद्यालय के स्वयंसेवियों द्वारा कुमाऊंनी लोकनृत्य, कुमाऊंनी लोकगीत की शानदार प्रस्तुति दी गई।

उद्घाटन समारोह में अतिथि नंदन सिंह बिष्ट ने अपने सम्बोधन में स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिविर में एकता की भावना से कार्य करने हेतु प्रेरित किया। शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा लोहनी ने सात दिवसीय विशेष शिविर की कार्य योजना प्रस्तुत की। प्रभारी प्राचार्य डॉ. वंदना तिवारी ने स्वयंसेवियों को एनएसएस की महता से अवगत कराते हुए शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर दीपा लोहनी ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन सत्र के उपरांत स्वयंसेवियों ने शिविर स्थल के आसपास श्रमदान चलाया।



