राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत मतदाता जागरुकता कार्यक्रम हुआ आयोजित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन ‘प्रातः कालीन सत्र’ शुरु हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गार्गी लोहनी के निर्देशन में स्वयंसेवियों द्वारा प्रातः वंदना के साथ आरंभ हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा लक्ष्यगीत गायन, प्रथम दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का रिपोर्ट वाचन व समाचार पत्र के महत्वपूर्ण बिन्दुओं का वाचन किया गया, तथा डॉ. भावना अग्रवाल के निर्देशन में योगाभ्यास कराया गया।
दूसरे सत्र में श्रमदान एवं जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। इस सत्र में स्वयंसेवियों ने पहले अपने शिविर स्थल के आस-पास स्वच्छता के लिए श्रमदान किया, तत्पश्चात शिविर परिसर व ग्राम सभा कुणीधार अंतर्गत ग्राम खत्ता तक मतदाता जागरुकता रैली का आयोजन किया। इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को ‘लोकतंत्र में मतदान का महत्व’ विषय पर जागरुक किया गया तथा उन्हें अपने मताधिकार के लिए प्रेरित किया गया।

भोजन के पश्चात बौद्धिक सत्र का संचालन किया गया जिसमें महाविद्यालय मानिला की पूर्व प्राचार्य (सेवानिवृत्त) डॉ. जया पाण्डे ने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अपना अनुभव बताते हुए उन्होंने कहा की राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर में गुजारे हुए सात दिन स्वयंसेवियों में व्यापक परिवर्तन का साक्षी बनता है, जब स्वयंसेवी शिविर में आते हैं उनमें बहुत सी प्रतिभा छिपी होती है जिसे एक नई पहचान इस शिविर में मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि जीवन में अनुशासन एवं मानवता का विशेष महत्व है जिसका संरक्षण एवं विकास राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल आधार है।
चतुर्थ सत्र मुख्य रुप से सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं लोकतंत्र में जनमत का महत्व विषय पर विचार व्यक्त किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवी छात्रा वंदना शर्मा ने किया व विचार गोष्ठी का निर्देशन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गार्गी लोहनी एवं डॉ. भावना अग्रवाल ने किया। इस विचार गोष्ठी में सभी शिविरार्थियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये।



