रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार, मानिला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का हुआ समापन।
भिकियासैंण/अल्मोड़ा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार, मानिला के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा 14 मार्च से 20 मार्च, 2024 तक आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। समापन समारोह का आयोजन प्रभारी प्राचार्य शैफाली सक्सेना की अध्यक्षता एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गार्गी लोहनी के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि कुणीधार ग्राम सभा के प्रधान श्री आनन्द बल्लभ भट्ट रहे। इस समारोह का मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गार्गी लोहनी के निर्देशन में स्वयंसेवी वंदना शर्मा एवं गौरव कुमार द्वारा संयुक्त रुप से किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात स्वयंसेवी छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में स्वयंसेवियों के उत्साहवर्धन हेतु उनकी प्रतिभा को सराहा और उन्हें अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया साथ ही उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गार्गी लोहनी ने सात दिवसीय विशेष शिविर की आख्या सार रुप में प्रस्तुत की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. शैफाली सक्सेना ने की, उन्होंने अपने उद्बोधन में स्वयंसेवियों को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। स्वयंसेवी वंदना शर्मा ने मंच संचालन किया। सर्वश्रेष्ठ शिविरार्थी छात्र का पुरस्कार गौरव कुमार को दिया गया और सर्वश्रेष्ठ शिविरार्थी छात्रा का पुरस्कार रश्मि चौहान को दिया गया। शिविर के दौरान क्रियाशील छात्र का पुरस्कार बहुमुखी प्रतिभा के धनी आयुष सती को दिया गया और क्रियाशील छात्रा का पुरस्कार स्वयंसेवी निशा को दिया गया।

विशेष शिविर के आयोजन के लिए बनाई गई विभिन्न समितियों यथा, भोजन, स्वच्छता, अनुशासन आदि में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए क्रमश: स्वयंसेवी छात्राओं अंजनी, कल्पना मेहता, भावना को पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सफल व सुचारु संपादन में डॉक्टर भावना अग्रवाल सहायक प्राध्यापक (हिंदी विभाग) का विशेष योगदान रहा। इसी क्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गार्गी लोहनी ने समापन समारोह में उपस्थित समस्त अतिथियों का आभार ज्ञापित किया। समापन समारोह के इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. शैफाली सक्सेना, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. भावना अग्रवाल, डॉ. खीला कोरंगा, डॉ. रविंद्र मिश्र, डॉ. अर्जुन कुमार, कनिष्ठ सहायक श्री भूपाल सिंह तथा कर्मचारी वर्ग श्रीमती देवकी देवी, श्री महेश बंगारी, श्री भुवन चंद्र भट्ट, श्री दलीप पाल सहित समस्त स्वयंसेवी मौजूद रहे।



