सड़क दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल युवक के लिए देवदूत बनी अल्मोड़ा पुलिस की थाना भतरौंजखान की टीम।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विगत दिवस थाना भतरौंजखान क्षेत्र में लोकसभा चुनाव की पोलिंग पार्टियों का व्यवस्थापन कराते समय मोहम्मद आसिफ अनीश निवासी भोजपुर जिला मुरादाबाद ने बताया कि उसका भाई आले नबी उम्र 22 वर्ष व कामिल उम्र 21 वर्ष निवासी भोजपुर मुरादाबाद दोनों दिनांक 16/04/2024 को गैरसैंण जाने के लिए मोटरसाइकिल से घर से चले थे, परंतु आज तक गैरसैंण नहीं पहुंचे है, भतरौंजखान से ही आखिरी बार बात हुई थी, अब संपर्क करने पर एक ही युवक का फोन लग रहा है, लेकिन रिसीव नहीं हो रहा है।

इस मामले को त्वरित गति से थानाध्यक्ष भतरौंजखान मदन मोहन जोशी द्वारा तत्काल सर्विलांस की सहायता से लोकेशन का पता लगाया गया। सर्विलांस टीम द्वारा दी गई लोकेशन के आधार पर संपूर्ण मोहनरी क्षेत्र रानीखेत रोड व भिकियासैंण रोड पर परिजनों के साथ युवकों की तलाश की गई परंतु युवकों व मोटरसाइकिल के बारे में कोई सूचना प्राप्त नहीं हो सकी, थक हारकर उनके परिजन भी रामनगर वापस जा चुके थे, परंतु थानाध्यक्ष भतरौंजखान द्वारा हेड कॉन्सटेबल श्रवण को साथ लेकर अथक प्रयास करते हुए चुनाव ड्यूटी में फोर्स की कमी होने पर भी आज गुरुवार को प्रातः 6 बजे से भिकियासैंण रोड पर सीसीटीवी कैमरे चैक किए गए और सभी सुनसान मोड़ बारी-बारी चेक करते हुए, कस्बा भतरौंजखान से करीब 6 किलोमीटर दूर भिकियासैंण रोड के अदबोड़ा के पास एक सुनसान मोड़ से 100 मीटर नीचे खाई में एक बैग व एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दिया। कठिन रास्ते से होते हुए खाई में उतरकर थानाध्यक्ष भतरौंजखान द्वारा पास जाकर चैक किया तो दो दिन व दो रातों से घायल पड़ा रहने के कारण युवक की जान खतरे में थी, उसने अपना नाम कामिल पुत्र खुर्शीद निवासी भोजपुर, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद बताया, जिस पर थानाध्यक्ष भतरौंजखान द्वारा बिना देर किए घायल कामिल को स्वयं कंधे पर लादकर हमराही हेड कॉन्सटेबल की मदद से खाई से सड़क पर लाया गया।
तत्पश्चात डायल 112 वाहन से भतरौंजखान अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने बताया कि ससमय प्राथमिक उपचार मिलने से कामिल खतरे से बाहर है व उपचार हेतु हायर सेंटर रेफर किया गया। दूसरे युवक को तलाश करने पर आले नबी पुत्र मोहम्मद इस्लाम निवासी भोजपुर अचेत अवस्था में मिला, जिसे चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किया गया।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण








