पानी के लिए मचा है हाहाकार, गर्मी बढ़ने से विकराल होती पानी की समस्या व प्रभावित हो रही लोगों की दिनचर्या।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जैसे – जैसे गर्मी बढ़ रही है, पानी की समस्या विकराल होती जा रही है। गांव, कस्बों और शहरों में इन दिनों पानी को लेकर लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सुबह उठते ही पानी की चिंता सताने लगती है। भिकियासैंण विकासखंड के ग्राम सभा के भनोली ग्राम के खनोली में विगत 5 दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है, जबकि उसे लगे हुए गांव भनोली, करगीना क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति सुचारु रुप से चल रही है, लेकिन खनोली में पांच दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए प्राकृतिक स्रोत से पानी लाने को मजबूर हैं।
वहीं घंटों इंतजार करने के पश्चात ही मुश्किल से लोगों को एक बाल्टी पानी मिलता है। गांव की महिलाओं ने बताया कि पानी लेने के लिये आपस में तू-तू मैं-मैं हो जाती है। आखिर मजबूरी में गांव के लोग प्राकृतिक स्रोत से पानी लाने को विवश हो रहे हैं। गांव की महिलाओं ने कहा कि सरकार घर-घर पानी पहुंचाने का प्रचार प्रसार कर रही है, लेकिन हमारे गांव की हकीकत कुछ और ही है। लोग पानी के लिए काफी तरस रहे हैं। अगर पानी नहीं मिला तो गांव के लोग पैदल मार्च करते हुए जल संस्थान कार्यालय भिकियासण में धरना प्रदर्शन करेंगे। वहीं हर घर नल वाली योजना रामगंगा चमड़खान योजना भी बाधित हुई है, जहां एक हफ्ते में जल के दर्शन हो रहे है, जो यहां के लिए दर्द नाक है।



