नौला – मानिला देवी पेयजल योजना एक माह से ठप्प, जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं।

17 मई को मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड सरकार को एसडीएम के माध्यम से दिया था एक सप्ताह का ज्ञापन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नौला मानिला देवी पेयजल पंम्पिग योजना ने दम तोड़ दिया है, लेकिन विभाग मौन बना हुआ है। उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता तुला सिंह तड़ियाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि, नौला मानिला देवी पेयजल योजना पिछले एक माह से ठप्प पड़ी है, जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

बीते 17 मई को क्षेत्रीय जनता द्वारा माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को उपजिलाधिकारी भिकियासैंण के माध्यम से एक सप्ताह में पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं होने पर आन्दोलन की चेतावनी दी गई थी, परन्तु अभी तक पानी की मुक्कमल व्यवस्था नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा 17 मई को जनप्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में उपजिलाधिकारी के समक्ष जल संस्थान के सहायक अभियन्ता ने कहा कि एक पम्प की मरम्मत हो चुकी है और आज शायं से ही दोनों पम्पों से पम्पिंग शुरु हो जायेगी तथा अन्य पम्पों को भी मरम्मत के लिए भेजा गया है, जल्दी ही सभी पम्पों से पम्पिंग शुरु हो जायेगी परन्तु अभी भी पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। 17 मई को जिस पम्प को लगाया गया था, वह एक घंटे भी नहीं टिक पाया।

अभी भी वैकल्पिक व्यवस्था चल रही है विभाग पम्पों की मरम्मत पर ही लाखों रुपए फूंक रहा है फिर भी नये पम्प नहीं लगाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा यह योजना विभाग के लिए दुधारु गाय साबित हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 4 जून यानि आचार संहिता समाप्त होने तक पानी की मुक्कमल व्यवस्था नहीं हुई तो जनता सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य हो जायेगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन – प्रशासन की होगी।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *