आयुर्वेद मिशन के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जैनल में लगाया गया शिविर।

भिकियासैंण। सरकार की महत्वाकांक्षी आयुर्विद्या मिशन के तहत आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड के तत्वावधान में राजकीय उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालय जैनल में आज आयुर्विद्या शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के आधार पर दैनिक आहार-विहार, स्वप्नावबोध, योग के अनुसार स्वस्थ जीवन यापन के टिप्स दिए गए। विरुद्ध आहार और उनके दुष्परिणाम, ऋतुचर्या के अनुसार पथ्यापथ्य भोजन के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के अतिरिक्त समस्त शिक्षक कर्मचारियों ने भी उत्तम स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य सम्बन्धी परामर्श दाताओं में डॉ. रामेश्वरी आर्या, राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय मणुली, डॉ. ललित सिंह राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बर्किन्डा, फार्मेसिस्ट पूनम ने विस्तारपूर्वक स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारियां दी। विभिन्न चार्ट एवं वीडियो के माध्यम से उचित खान-पान तथा स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में सविस्तार बताया। हीमोग्लोबिन की जाँच की गई और छात्र-छात्राओं को जाँच के बाद औषधियां भी दी गई।



