भतरौंजखान में महिला की मौत पर ठेकेदार पर हुआ मुकदमा दर्ज।
भिकियासैंण। भतरौंजखान में पत्थर की चपेट में घायल हुई महिला की मौत पर पुलिस ने अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक देवरापानी निवासी चंद्र प्रकाश ने तहरीर सौंपी है। कहना है कि लौकोट रोड पर डिग्री कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। एक ठेकदार की ओर से जेसीबी और डंपर लगाकर समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है। 29 मार्च को 35 वर्षीय उनकी पत्नी अनीता देवी बाइक से घर को लौट रही थी। इस दौरान इसी निर्माण कार्य से पत्थर बाइक से जा रही अनीता देवी के ऊपर गिर गया। इससे वह गंभीर घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स ले जाया गया। जहां 31 मार्च की सुबह उनकी मौत हो गई। पति चंद्र प्रकाश ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार की ओर से निर्माण कार्य में सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे उनकी पत्नी की मौत हुई है। एसओ सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जाँच की जा रही है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण








