नगर पालिका भीमताल के कूड़ा वाहन में चलते-चलते लगी आग, चालक गंभीर रुप से झुलसा।
निवर्तमान चेयरमैन ने अस्पताल पहुंचाकर चालक की बचाई जान।
भीमताल (नैनीताल)। नगर पालिका भीमताल के कूड़ा वाहन में बुधवार की शाम को चलते-चलते अचानक आग लग गयी। वाहन धूं-धूं जलकर राख हो गया। आग से वाहन चालक विजय पाल भी गंभीर रुप से झुलस गया, उसे निवर्तमान चेयरमैन देवेंद्र चनौतिया ने सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया और उसकी जान बचाई, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम को चालक विजयपाल कूड़ा निस्तारण कर वापस भीमताल को लौट रहा था, कि हल्द्वानी मार्ग के क्वैराली के पास अचानक कूड़ा वाहन ट्रक पर आग लग गयी। चालक विजय पाल कुछ समझ पाता इससे पहले वाहन से आग की लपटें उठनी लगी। इससे वाहन चालक के हाथ, मुंह व शरीर भी आग की चपेट में आ गया और वह गंभीर रुप से घायल हो गया।

जैसे ही घटना की सूचना निर्वतमान चेयरमैन देवेंद्र चनौतिया को मिली वह मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत घायल चालक को अपनी गाड़ी में रखकर डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल चालक विजयपाल की हालत खतरे से बाहर है। सूचना पर फायर ब्रिगेड व पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंचे, उनके द्वारा भी आग को बुझाने की काफी कोशिश की गयी, लेकिन वाहन जलकर राख हो गया।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण







