भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 138वीं जयंती पर अल्मोड़ा में हुआ भव्य आयोजन।

जनप्रतिनिधियों ने गोविन्द बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि।

अल्मोड़ा। भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 138वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली खूंट में राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग भारत सरकार अजय टम्टा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह पींचा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा अल्मोड़ा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी चन्द्र सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।

इस अवसर पर राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग भारत सरकार अजय टम्टा ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि गोविन्द बल्लभ पंत जैसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ने अल्मोड़ा जनपद में जन्म लिया। उन्होंने बताया कि भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के जन्मस्थान खूंट ने पूरे भारत समेत उत्तराखंड और अल्मोड़ा का गौरव बढ़ाया है। संयुक्त प्रान्त के मुख्यमंत्री के रुप में उन्होंने अनेक कल्याणकारी योजनाओं को कार्यान्वित किया। देश को स्वतंत्र कराने के लिए उनका बहुमूल्य योगदान रहा। आज पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के नाम से कई संस्थानों द्वारा लोगों को शिक्षा-दीक्षा और विज्ञान के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर देश हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत हमारे देश की शान थे।

कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा बताए मार्ग पर चलने की बात कही। वक्ताओं ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देशभक्त, समाजसेवी व कुशल प्रशासक बताया।

इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया गया। इस दौरान समस्त जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों द्वारा लोगों की जानकारी हेतु स्टॉल लगाए गए, जिनसे उपस्थित लोगों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम पूर्व प्रातः चौघानपाटा स्थित पंत पार्क में पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया, जिसमें नगर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। वक्ताओं ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का भावपूर्ण स्मरण करते हुए बताया कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत ने देश को नई दिशा देने के साथ-साथ कुली बेगार प्रथा तथा जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष का अग्रदूत रहे। उन्होंने समाज में व्याप्त अनेक बुराइयों को मिटाने में अहम भूमिका निभाई थी।

वक्ताओं ने कहा कि उनका संघर्षशील एवं प्रेरणादायी नेतृत्व देश और प्रदेशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेगा।

इस अवसर पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र भोज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *