राजकीय कन्या इंटर कॉलेज भिकियासैंण में प्राचीन भारतीय योग व आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए लगाया गया स्वास्थ्य शिविर।

भिकियासैंण। प्राचीन भारतीय योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए संचालित भारत सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना आयुर्विद्या मिशन के अन्तर्गत आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड के तत्वावधान में आज मंगलवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज भिकियासैंण में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के आधार पर दैनिक आहार-विहार, स्वप्नावबोध, योग के अनुसार स्वस्थ जीवन यापन के टिप्स दिए गए। विरुद्ध आहार और उनके दुष्परिणाम, ऋतुचर्या के अनुसार पथ्यापथ्य भोजन के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के अतिरिक्त समस्त शिक्षिकाओं और कार्यालय कर्मचारियों ने भी उत्तम स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य सम्बन्धी परामर्श दाताओं में डॉ. रामेश्वरी आर्या, राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय मणुली, डॉ. ललित सिंह राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बर्किन्डा, फार्मेसिस्ट पूनम ने विस्तारपूर्वक स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारियां दी। विभिन्न चार्ट एवं वीडियो के माध्यम से उचित खान-पान तथा स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। शिविर में हीमोग्लोबिन की जाँच भी की गई और छात्राओं को जाँच के बाद औषधियां भी दी गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या गीता तड़ागी, दीप्ति जोशी, हेमलता खत्री, हिमानी बिष्ट, दीपा भट्ट आदि शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया और साथ ही सभी विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और आयुष विभाग की टीम ने विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य विकार के अनुसार जरुरतमंद लोगों को औषधियाँ बाँटी। विद्यालय की प्रधानाचार्या गीता तड़ागी ने स्वास्थ्य जाँच शिविर में उपस्थित चिकित्सकों का धन्यवाद किया और छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए योग आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को अपनाने का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। आयुर्विद्या मिशन का यह कार्यक्रम प्रतिदिन निकटवर्ती विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के माध्यम से ग्रामीणों तक आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से उपचार कराने का संदेश निरन्तर गतिमान है। चिकित्सकों की टीम बड़े अथक परिश्रम से इस कार्य को अंजाम दे रही है।



