सल्ट में निकाली विशाल रैली व सांकेतिक धरना, एसडीएम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जिले के सल्ट में भाजपा के मंडल अध्यक्ष भगवत सिंह पर 14 साल की एक किशोरी से रेप का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पूरे राज्य में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। आज सल्ट में सैंकड़ों महिलाओं और अन्य लोगों ने विशाल रैली निकालकर नाबालिग पीड़िता को इंसाफ देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं असुरक्षित हो गई हैं। रचनात्मक महिला मंच महिलाओं ने सुबह प्रात: 10 बजे तहसील कार्यालय सल्ट में प्रदर्शन किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री को एसडीएम संजय कुमार के माध्यम से ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया है कि महिलाओं के लिये सुरक्षित माहौल हों ताकि वे बेफिक्री के साथ कहीं भी आ जा सकें। महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर पुलिस तुरन्त कार्यवाही करें। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में 2 माह के भीतर पूरी हों व अपराधी को कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। रचनात्मक महिला मंच अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा उत्तराखण्ड में देवभूमि पहाड़ में इस तरह की घटना खौफनाक शर्मशार घटना है। उन्होंने कहा इस घटना से महिलाओं में भारी आक्रोश है। हम सभी इस आवाज को उठाएंगे। अपराधी को फांसी देने की मांग की गई है। उन्होंने कहा महिला मंच का संगठन बनाने का उद्देश्य यह है कि शोषण रहित समाज बनाने का कार्य करेंगे। समाज में इस तरह का शोषण नहीं किया जाएगा। इस तरह की घटनाएं में हमें आगे आना चाहिए। उन्होंने शासन, प्रशासन से अपराधी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ ही अपराधी को फांसी देने की मांग की है। अपराध पर तत्काल अंकुश लगाने चाहिए जिससे कि अपराध आगे न बढ़े। पीड़ित परिवार को जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक महिला मंच की लड़ाई जारी रहेगी।
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोपी भाजपा नेता हुआ गिरफ्तार, भेजा जेल।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट ब्लॉक में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ व अभद्रता करने वाले आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवत सिंह बोरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को देर रात कूपी तिराहा मरचूला के पास से गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को पहले ही हिरासत में ले लिया था। थानाध्यक्ष सल्ट मदन मोहन जोशी ने बताया कि आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश कर अल्मोड़ा जेल भेज दिया है।



