14 जुलाई को होने वाली उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की शामिल परीक्षा की तैयारियों पर हुई बैठक।
अल्मोड़ा। 14 जुलाई 2024 (रविवार) को आयोजित होने वाली उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य सिविल सेवा परीक्षा 2024 (प्रारंभिक) की आवश्यक तैयारियों को लेकर आज अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों के लिए नामित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट सौंपे गए परीक्षा केंद्रों पर जाकर सभी व्यवस्थाओं को परीक्षा से पूर्व देख लें। यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि परीक्षा केंद्र पर बिजली, पानी एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हों। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सभी दिशा – निर्देशों का भली भांति पालन करें, तथा नियमानुसार परीक्षा संपन्न कराने की सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएं। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या आने पर लोक सेवा आयोग द्वारा जनपद हेतु नामित आयोग प्रतिनिधि से सम्पर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने सभी सैक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिये कि परीक्षा आरम्भ होने से पूर्व सभी तैयारियों को अवश्य रुप से जाँच लें ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आएं। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा में लगे सभी कार्मिक समय से पूर्व अपने आवंटित परीक्षा केन्द्रों में पहुँचना सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करना सुनिश्चित करें। साथ ही फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी एवं आयोग से संबंधित गाइडलाइन का पालन करने के भी निर्देश संबंधितों को दिए।
उन्होंने बताया कि जनपद में इस परीक्षा हेतु कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा केंद्र अल्मोड़ा नगर के 9 एवं रानीखेत नगर के 3 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इन सभी परीक्षा केंद्रों में कुल 3881 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सामान्य अध्ययन की होगी जो प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगी। द्वितीय परीक्षा सामान्य बुद्धिमत्ता की होगी जो 2:00 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. आर. सी. पंत, उपजिलाधिकारी सदर जयवर्धन शर्मा, द्वाराहाट सुनील कुमार राज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






