राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में एक दिवसीय एफडीपी कार्यक्रम हुआ आयोजित।
भिकियासैंण। राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में अंग्रेजी विभाग और आईक्यूएसी (IQAC) समिति द्वारा एक दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम एफडीपी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना द्वारा की गई। मुख्य वक्ता डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव, सह प्राध्यापक, वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग, आम्रपाली विश्वविद्यालय हल्द्वानी ने सेमिनार संगोष्ठी कार्यशाला और सेमिनार पैनल से संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तृत रुप से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इन शैक्षिक आयोजनों के बीच के अंतर को स्पष्ट करना था। डॉ. श्रीवास्तव ने इन विभिन्न प्रकार के आयोजनों के स्वरुप, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की, जिससे शिक्षकों और शोधकर्ताओं को इन कार्यक्रमों को सही तरीके से समझने और उपयोग करने में मदद मिली।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव कौशल कुमार ने कार्यक्रम की सफलता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मेहनत से इस सत्र का आयोजन सुनिश्चित किया। वहीं कार्यक्रम के सह-आयोजन सचिव डॉ. परितोष उप्रेती ने धन्यवाद देते हुए डॉ. श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया। सभी प्रतिभागियों ने इस सत्र से बहुत कुछ सीखा और इस कार्यक्रम को शैक्षिक दृष्टिकोण से अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन करते हुए डॉ. श्रीवास्तव का धन्यवाद किया गया।



