सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर चित्र प्रदर्शनी की हुई शुरुआत।

‘एकता का दीप जलाएं हम सभी’ गीत भी किया गया लॉन्च।

हल्द्वानी (नैनीताल)। देश के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) नैनीताल द्वारा सेंट लॉरेंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर आधारित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी और जागरुकता अभियान की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि हल्द्वानी महापौर गजराज सिंह, कर्नल एस.के. जोशी और शिक्षाविद सुनील जोशी ने संयुक्त रुप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर सीबीसी नैनीताल की कलाकार शर्मिष्ठा बिष्ट द्वारा गाए और आनंद बिष्ट द्वारा संगीतबद्ध गीत ‘एकता का दीप जलाएं हम सभी’ को भी लॉन्च किया गया।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. दीपा जोशी ने बताया कि इसमें मोदी सरकार के पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।
महापौर गजराज सिंह ने अपने संबोधन में नशे के खिलाफ एकता दिखाने की अपील की, जबकि सेवानिवृत्त कर्नल एस.के. जोशी ने छात्रों को देश की एकता बनाए रखने का संकल्प लेने को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

नृत्य प्रतियोगिता में कृष्ण राणा प्रथम, आराध्या रावत द्वितीय, और वंशिका बिश्नोई तृतीय स्थान पर रहीं।

चित्रकला प्रतियोगिता में श्रद्धा कश्मीरा प्रथम, प्राची द्वितीय, और संस्कृति पांडे तृतीय स्थान पर रहीं।

इसके अलावा पर्वतीय उत्थान कला समिति ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इसमें श्री जी, पूर्णिमा, और अर्जित स्वयं सहायता समूहों ने अपने हस्तनिर्मित वस्त्र, जूट बैग, और स्थानीय दालों आदि के उत्पाद प्रदर्शित किए, जिससे लगभग ₹5,000/- की बिक्री हुई।

कार्यक्रम का संचालन सीबीसी की श्रद्धा गुरुरानी ने किया, जबकि नोडल अधिकारी शोभा चारक ने बताया कि कार्यक्रम का समापन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों के सम्मान के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज भट्ट, क्षेत्रीय प्रचार सहायक दीपक शर्मा, गोपेश बिष्ट, दीवान सिंह, तथा प्रधानाचार्य अनिता जोशी भी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *