भारतीय संस्कृति के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।
तालेश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा संस्कृति ज्ञान परीक्षा–2026 का आयोजन।
देघाट (अल्मोड़ा)। श्री तालेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से संस्कृति ज्ञान परीक्षा–2026 का आयोजन आर्य इंटर कॉलेज, देघाट में किया जा रहा है। इस परीक्षा में कक्षा 6 से 8 तक के जूनियर वर्ग, कक्षा 9 से 12 तक के सीनियर वर्ग तथा कॉलेज एवं पास आउट वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अलग–अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
परीक्षा के अंतर्गत लिखित परीक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं स्क्रीनिंग परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें सांस्कृतिक क्विज, चित्रकला, निबंध लेखन, संस्कृत श्लोक एवं छंद गायन, शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय वाद्य यंत्र प्रस्तुति तथा वीर–वीरांगना नाट्य अभिमंचन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
विभिन्न प्रतियोगिताएं 18 जनवरी, 25 जनवरी, 01 फरवरी एवं 08 फरवरी 2026 को रविवार के दिन प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक तथा सायं 1 बजे से 4 बजे तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 फरवरी 2026 को तालेश्वर शिव मंदिर परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, शासन–प्रशासनिक अधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा विजेताओं को धार्मिक ग्रंथों, स्मृति चिन्हों एवं प्रेरणादायक प्रतीकों से पुरस्कृत किया जाएगा।
संस्कृति ज्ञान परीक्षा के प्रथम चरण में जूनियर वर्ग से 71 तथा सीनियर वर्ग से 33 छात्र–छात्राओं ने सहभागिता की। परीक्षा के सफल आयोजन में द्वारिका प्रसाद सुंदरियाल, कल्याण सिंह घुगत्याल, दिनेश चन्द्र पन्त, बालादत्त शर्मा, कमला शर्मा, कमलेश त्रिपाठी, मंजू तिवारी, प्रशान्त तिवारी, बालादत्त पाण्डेय, गिरीश चन्द्र सिंह, संजय सिंह, नारायण सिंह मेहरा, मथुरादत्त उप्रेती, वीरेंद्र सिंह रावत, यशवंत सिंह एवं भुवन चन्द्र नैलवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल















