उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव ने महाविद्यालय रुद्रपुर में किया निरीक्षण।

रुद्रपुर। उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर का निरीक्षण किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. सी. पंत ने पुष्पगुच्छ के साथ अपर सचिव का स्वागत किया व अपर सचिव को शॉल और सरस्वती प्रतिमा भेंटकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

तत्पश्चात अपर सचिव डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने प्राचार्य कक्ष में महाविद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठकर उच्च शिक्षा की दशा दिशा के सम्बंध में विचार विमर्श किया। उन्होंने महाविद्यालय में छात्रों की उपस्थिति के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया, और कहा कि आगामी सत्र से न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति के मानदंड का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी दशा में 11 जुलाई से नए सत्र की कक्षाएं प्रारम्भ करना और प्रत्येक सेमेस्टर में अनिवार्य रुप से 90 दिन की कक्षाओं का संचालन करना महाविद्यालय का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय के समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए शासन स्तर से हर सम्भव प्रयास किए जाने की बात कही।

इसके पश्चात उन्होंने महाविद्यालय के विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों का भी निरीक्षण किया। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान की प्रयोगशालाओं में जाकर उनका भी निरीक्षण किया। महाविद्यालय में चल रहे स्ववित्तपोषित बीएड विभाग का भी निरीक्षण किया। महाविद्यालय के पीएम उषा प्रोजेक्ट में 10 करोड़ की लागत से प्रस्तावित बहुमंजिला भवन के स्थल का भी निरीक्षण किया और उसके सम्बंध में जानकारी प्राप्त की और सुझाव दिए। अपर सचिव ने महाविद्यालय की निर्माणाधीन आईसीटी लैब और महिला छात्रावास का भी भ्रमण किया और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

इसके पश्चात अपर सचिव ने महाविद्यालय में चल रहे मूल्यांकन केंद्र का भी निरीक्षण किया। वहां मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों से बातचीत कर मूल्यांकन की विविध बारीकियों के सम्बंध में जानकारी प्राप्त की, कुछ मूल्यांकित उत्तरपुस्तिकाओं का भी अवलोकन किया। समाजशास्त्र विषय में 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी की उत्तरपुस्तिका का भी अवलोकन किया।

इस दौरान महाविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष कमल जोशी एवं छात्र महासंघ कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने भी अपर सचिव महोदय से मुलाकात की और महाविद्यालय में छात्र शिक्षक अनुपात को सही करने के लिए महाविद्यालय में शिक्षकों के समुचित पद सृजित करने के सम्बंध में ज्ञापन दिया।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *