अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा ने थाना देघाट का किया वार्षिक निरीक्षण, जनता से होकर रुबरु सुनी समस्या, निस्तारण का दिया आश्वासन।
भिकियासैंण। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह अल्मोड़ा द्वारा शनिवार को थाना देघाट का वार्षिक निरीक्षण किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा गार्द सलामी ग्रहण करने के उपरांत थाने का निरीक्षण शुरु किया गया। थाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, कर्मचारी बैरिक व भोजनालय आदि का बारीकी से निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को जाँचा परखा गया। इस दौरान थाने में साफ-सफाई सही पाई गई। थाने के समस्त अभिलेखों का गहनता से निरीक्षण कर सभी प्रविष्टियां चैक की गई। कार्यालय स्टॉफ को अभिलेखों को अध्यावधिक रखने एवं रखरखाव सही रखने हेतु निर्देशित किया गया।

सीसीटीएनएस कार्यो को चैक करते हुए नियुक्त कार्मिकों से ऑनलाइन जीडी सहित आईआईएफ फॉर्मों को ससमय से फीड करने तथा सभी पोर्टलों को निरन्तर चैक कर ससमय कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। लम्बित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों की जाँच, वारंटो की तामीली व निरोधात्मक कार्यवाही आदि की समीक्षा की गई। लम्बित विवेचनाओं व शिकायती प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने, वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली करने तथा थाने के लम्बित मालों व मुकदमाती वाहनों की के शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए है।

अभिलेखों को अध्यावधिक रखने तथा कार्य प्रणाली को प्रभावी बनाने हेतु सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सरकारी संपत्ति का सही ढंग से रख-रखाव हेतु निर्देशित किया गया। जवानों से शस्त्र हैण्डलिंग का अभ्यास कराकर शस्त्रों के बारे में जवानों की जानकारी परखी गई। थाने में आने वाले आगंतुकों, शिकायतकर्ता के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करते हुए समस्याओं का निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। बीटों में नियुक्त कर्मचारियों को बीट क्षेत्र में निरन्तर भ्रमण करने हेतु निर्देशित किया गया।
अवैध मादक पदार्थो की तस्करी, बिक्री व भण्डारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जनता दरबार में थाना क्षेत्र के लोगों की समस्यांए सुनी गई और कुछ समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया और कुछ समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधितों को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत व थाने के अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद रहे।



