घर से भटकी मानसिक रुप से अस्वस्थ महिला के लिए मददगार बनी अल्मोड़ा पुलिस।
अल्मोड़ा। दिनांक 17 फरवरी 2026 की रात्रि को धारानौला बाजार में मानसिक रुप से अस्वस्थ एक महिला के अकेले भटकने संबंधी सूचना पार्षद अमित साह (मोनू) द्वारा धारानौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी तत्काल महिला कांस्टेबल पल्लवी चौधरी एवं महिला होमगार्ड ओसीन के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम द्वारा महिला को स्नेहपूर्वक विश्वास में लेकर रात्रि के समय उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई तथा उसे तत्काल ‘वन स्टॉप सेंटर’ भेजकर सुरक्षित आश्रय दिलाया गया।
पुलिस टीम ने महिला के संबंध में जानकारी जुटाने हेतु आस-पास के लोगों एवं अन्य माध्यमों से संपर्क किया। निरंतर प्रयासों के बाद जानकारी मिली कि महिला धौलछीना क्षेत्र की रहने वाली है।
इसके पश्चात आज गुरुवार को पुलिस एवं वन स्टॉप सेंटर टीम द्वारा हंसा देवी को धौलछीना ले जाकर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया।
महिला के परिजनों ने पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।



