राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में वार्षिक खेल समारोह का भव्य आयोजन, छात्र-छात्राओं ने दिखाई खेल प्रतिभा।

शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में वार्षिक खेल समारोह का भव्य और सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. लल्लन प्रसाद वर्मा द्वारा की गई। खेल उत्सव में छात्र-छात्राओं ने 100 व 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, भाला फेंक और गोला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि अमित जोशी (प्रबंधक, एसबीआई) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “खेल केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम है। खेल में जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतिभाग करना है।”

सारस्वत अतिथि कुंदन राम एवं आर.डी. जोशी ने व्यावहारिक ज्ञान और व्यक्तित्व विकास में खेलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि गणेश पाठक, विपिन चंद्र जोशी एवं त्रिवेंद्र ने भी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यहां के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रो. वर्मा ने सभी अतिथियों का आभार जताया। डॉ. आर.सी. पांडे ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया तथा मंच का कुशल संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया।

इस दौरान प्रो. अनुपमा तिवारी, डॉ. सीमा प्रिया, डॉ. दीपिका आर्या, डॉ. वसुंधरा लसपाल, डॉ. छत्र सिंह कठायत, कमल सिंह बनकोटी, विनोद रतन समेत समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *