डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में एंटी रैगिंग जागरुकता एवं परामर्श सत्र का हुआ आयोजन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना के निर्देशन में एंटी रैगिंग जागरुकता एवं परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को रैगिंग के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
यह कार्यक्रम यूजीसी एंटी रैगिंग रेगुलेशन 2009 के प्रावधानों के अनुपालन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को शिक्षित एवं जागरुक करने के लिए निरंतर कार्यक्रम आयोजित करना है, ताकि सही जानकारी फैले, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आए और समाज में सकारात्मक परिवर्तन हो सके।
कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. कौशल कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि रैगिंग एक गंभीर अपराध है, जिसमें नए छात्रों को अपमानित करने या धमकाने के लिए विभिन्न तरीकों का प्रयोग किया जाता है, जिसका मानसिक, भावनात्मक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। यह कार्यक्रम विशेष रुप से शिक्षार्थियों हेतु परामर्श केंद्रित रहा, जिसमें छात्र जीवन से संबंधित समस्याओं एवं उनके समाधानों पर चर्चा की गई। सत्र के दौरान नोडल अधिकारी ने परामर्शदाता की भूमिका निभाते हुए शिक्षार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
वाणिज्य विभाग के डॉ. गौरव कुमार ने इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को आवश्यक जानकारी प्रदान की। वहीं डॉ. दीपा लोहनी ने रैगिंग के विषय में अधिक से अधिक जागरुकता फैलाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी इस विषय पर अपने विचार साझा किए।
उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल








