ट्रैक्टर से कार सवार को रौंदने की कोशिश करने वाला अभियुक्त 12 घंटे में गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में कालाढूंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

पुरानी रंजिश के चलते चकलुवा क्षेत्र में दिया गया था घटना को अंजाम, ट्रैक्टर भी किया गया बरामद।

हल्द्वानी (नैनीताल)। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में कोतवाली कालाढूंगी पुलिस ने चकलुवा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार युवक पर ट्रैक्टर से जानलेवा हमला करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

घटना का विवरण —
दिनांक 31 मार्च 2026 की रात्रि करीब 09:30 बजे, वादी हिमांशु देऊपा (निवासी लच्छमपुर, चकलुवा) अपनी नई कार से पहाड़ी ढाबा, चकलुवा में खाना खाने आए थे। इसी दौरान प्रवीण सिंह देऊपा (निवासी प्रतापपुर) ने जान से मारने की नियत से अपने ट्रैक्टर से हिमांशु की कार पर बार-बार टक्कर मारी। इस हमले में कार में सवार हिमांशु देऊपा एवं उसके साथी को चोटें आईं। अभियुक्त मौके पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रैक्टर सहित फरार हो गया।

पुलिस कार्रवाई —
वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में FIR No. 29/2026, धारा 109/352/351(2)/324(2) BNS के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र एवं एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को आरोपी की गिरफ्तारी तथा अभियोग के अनावरण के सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

उक्त आदेश के क्रम में जिले की फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल का निरीक्षण करने हेतु तत्काल भेजा गया तथा सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी गई।

गिरफ्तारी और बरामदगी —
दिनांक 01 अप्रैल 2026 को सीसीटीवी सर्विलांस तथा मैनुअल इंटेलिजेंस के माध्यम से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अभियुक्त प्रवीण सिंह देऊपा को नैनीताल मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी के दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर) बरामद हुआ। अवैध असलहा रखने के संबंध में अभियुक्त के विरुद्ध पृथक से शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

आपराधिक इतिहास —
FIR No. 01/15, धारा 60 आबकारी अधिनियम, थाना कालाढूंगी

विवाद का कारण —
पुलिस पूछताछ और परिजनों के बयानों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पूर्व में खनन सामग्री (सस्ता/महंगा डालने) को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके परिणामस्वरुप इस घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस टीम में —
1- वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज जोशी, कालाढूंगी
2- एसआई राजेश जोशी, प्रभारी, एसओजी
3- एसआई राजवीर नेगी, प्रभारी चौकी बैलपड़ाव
4- एसआई पूजा रानी, कालाढूंगी
5- एएसआई कैलाश चंद्र भट्ट, कालाढूंगी
6- कांस्टेबल अमनदीप, कालाढूंगी
7- कांस्टेबल किशन गोस्वामी, कालाढूंगी
8- कांस्टेबल अखिलेश तिवारी, कालाढूंगी
9- कांस्टेबल अरविंद बिष्ट, एसओजी शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश —
“जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। सरेआम जानलेवा हमला करने और अवैध असलहे रखने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। खनन या किसी भी व्यापारिक विवाद को आपसी रंजिश बनाकर अपराध करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। आम जनमानस की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *