अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरुकता शिविर आयोजित, क्षेत्र की कई समस्याओं का हुआ निराकरण।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में तथा शचि शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की अध्यक्षता में नगर पंचायत भिकियासैंण स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, भिकियासैंण में वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरुकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर में उपस्थित आम जनता व विद्यार्थियों को नालसा, सालसा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थापना व कार्यों, महिलाओं, बच्चों, ट्रांसजेंडर, वरिष्ठ नागरिकों आदि के अधिकारों, नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, निःशुल्क विधिक सहायता आदि के विषय में जागरुक किया गया तथा नालसा थीम सॉन्ग भी सुनाया गया।
शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अन्य लाभार्थियों को 02 लैपटॉप, 10 टैबलेट, 11 व्हीलचेयर, 100 छड़ी, 54 कान की मशीन, 25 वॉटर प्यूरीफायर, 04 महालक्ष्मी किट, 02 क्रिकेट किट, 02 बैडमिंटन किट, 02 बास्केटबॉल, 08 सिलाई मशीन आदि प्रदान की गई।
शिविर में राम कृष्ण कुटीर, अल्मोड़ा के सहयोग से 100 कंबल वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गई तथा 15 दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए। हैड़ाखान चैरिटेबल ट्रस्ट, चिलियानौला रानीखेत द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया तथा निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में राम कृष्ण कुटीर, अल्मोड़ा से स्वामी मायाधिशानंद, उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी नीरज लोहनी, खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह नेगी, बाल विकास परियोजना अधिकारी मुकेश कुमार, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी मो. साहिद, डीपीओ अल्मोड़ा कल्पना मनराल, डॉ. ललित कुमार सिंह, डॉ. रामेश्वरी आर्या, प्रधानाचार्य बी.आर. भारती, कार्यवाहक ब्लॉक प्रमुख भिकियासैंण दिगम्बर सिंह डंगवाल, कैलाश नैनवाल, चन्द्र प्रकाश, सुरेन्द्र कुमार, जगत सिंह आदि सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
अंत में उक्त शिविर में कार्यवाहक ब्लॉक प्रमुख भिकियासैंण दिगम्बर सिंह डंगवाल द्वारा भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई थी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




