अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘जल महोत्सव’ के तहत प्रशिक्षण व जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।

अल्मोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की उपस्थिति में “जल महोत्सव” कार्यक्रम के अंतर्गत एक प्रशिक्षण एवं जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि जल महोत्सव कार्यक्रम जनपद में 8 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं को पेयजल की गुणवत्ता की जाँच के लिए फील्ड टेस्ट किट (FTK) के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को जल की गुणवत्ता के प्रति जागरुक बनाना तथा उन्हें स्वयं जल परीक्षण करने के लिए सक्षम बनाना है।

इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल जीवन का आधार है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि पेयजल के संरक्षण और उसके समुचित उपयोग के प्रति जागरुक रहें। साथ ही उन्होंने महिलाओं से अपने-अपने गाँवों में जल संरक्षण के प्रति जागरुकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एसएचजी की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत सहित जल संस्थान, जल निगम तथा सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुई।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *