राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय जागरुकता जनसभा आयोजित।
शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के प्रचार-प्रसार एवं जागरुकता हेतु एक जनसभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय विद्यार्थियों को मुक्त शिक्षा प्रणाली और विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रति जागरुक करना था।
अध्ययन केंद्र की कोऑर्डिनेटर डॉ. वसुंधरा लस्पाल ने विश्वविद्यालय की स्थापना और विकास यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि वर्ष 2023 में राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत को UOU का आधिकारिक अध्ययन केंद्र बनाया गया। वर्तमान में यहां स्नातक (UG) स्तर पर 07 विषय और स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर 07 विषय संचालित हैं। मुख्य पाठ्यक्रमों के साथ-साथ क्षेत्र के युवाओं के लिए विभिन्न सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स भी उपलब्ध हैं, ताकि स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, क्षेत्रीय केंद्र रानीखेत के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जे.एस. रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा को हर द्वार तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जो छात्र शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, उनके लिए UOU एक वरदान है। उन्होंने बताया कि कम प्रतिशत होने के बावजूद भी विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन कर सकते हैं तथा प्रवेश प्रक्रिया और शुल्क ढांचे की विस्तृत जानकारी भी दी।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक रुचि आर्या ने विशेष रुप से महिला शिक्षा और कौशल आधारित पाठ्यक्रमों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय न केवल पारंपरिक डिग्री प्रदान करता है, बल्कि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय महिलाओं और कामकाजी लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा की कोई आयु नहीं होती और UOU का लचीला लर्निंग सिस्टम उन्हें घर बैठे योग्यता बढ़ाने का अवसर देता है।
क्षेत्रीय केंद्र से आए उमाशंकर नेगी ने भी ऑनलाइन संसाधनों और पाठ्य सामग्री की उपलब्धता पर प्रकाश डाला।
इस जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने अध्ययन केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम में बीटीसी मेंबर पूरन सिंह नेगी, एससी मोर्चा अध्यक्ष बिशन राम, व्यापार संघ अध्यक्ष गणेश पाठक, प्रधान देवलीखान हीरा देवी एवं प्रधान खुंट विजय कुमार ने अपने विचार रखे और ग्रामीणों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्रभारी प्राचार्या डॉ. सीमा प्रिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस अध्ययन केंद्र के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके घर के समीप ही उच्च शिक्षा के उत्कृष्ट अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
मंच का कुशल संचालन डॉ. प्रकाश चंद जांगी ने किया। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र चंद्र पांडे, शिक्षणेत्तर कर्मचारी विनोद रतन, हेमंत सिंह मनराल सहित छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










